पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन, मिला था नोबेल शांति पुरस्कार

Published : Dec 30, 2024, 07:01 AM ISTUpdated : Dec 30, 2024, 07:19 AM IST
Jimmy Carter

सार

अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति जिमी कार्टर का 100 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था और इजरायल-मिस्र शांति समझौते में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।

वर्ल्ड डेस्क। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का 100 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने जॉर्जिया स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। कार्टर अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति थे। वह इस पद पर 1977 से 1981 तक रहे। कार्टर को उनके मानवीय कार्यों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिला था। उन्हें इजरायल और मिस्र के बीच शांति स्थापित करने का श्रेय दिया जाता है।

कार्टर डेमोक्रेट थे। वह 1976 के अमेरिकी चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति रिपब्लिकन गेराल्ड फोर्ड को हराकर राष्ट्रपति बने थे। 1980 के चुनाव में उन्हें रोनाल्ड रीगन ने हराया था। कार्टर कैलिफोर्निया के गवर्नर भी रहे थे।

जिमी कार्टर के बेटे चिप कार्टर ने कहा, "मेरे पिता एक हीरो थे। वह सभी के लिए शांति, मानवाधिकार और प्रेम में विश्वास करते हैं। मेरे भाइयों, बहनों और मैंने इन साझा मान्यताओं के माध्यम से उन्हें शेष विश्व के साथ साझा किया। जिस तरह से उन्होंने लोगों को एक साथ लाया, उसके कारण विश्व हमारा परिवार है।"

कार्टर के लीवर और ब्रेन तक फैल गया था मेलेनोमा

कार्टर को हाल के वर्षों में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा था। मेलेनोमा उनके लीवर और ब्रेन तक फैल गया था। उनकी पत्नी रोजलिन कार्टर का निधन 19 नवंबर 2023 को 96 वर्ष की उम्र में हो गया था।

2002 में जिमी कार्टर को मिला था नोबेल शांति पुरस्कार

जिमी कार्टर ने लोकतंत्र और मानवाधिकारों को बढ़ावा दिया था। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान खोजने में योगदान दिया था। इसके चलते उन्हें 2002 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। अमेरिका के राष्ट्रपति रहने के दौरान उन्होंने 1978 में इजरायल और मिस्र के बीच कैंप डेविड समझौता कराने में बड़ी भूमिका निभाई थी। इससे मध्य पूर्व में स्थिरता लाने में मदद मिली थी।

जो बाइडेन बोले- दुनिया ने एक असाधारण नेता खो दिया

जिमी कार्टर के निधन पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "अमेरिका और दुनिया ने एक असाधारण नेता और मानवतावादी खो दिया है। छह दशकों से अधिक समय से हमें जिमी कार्टर को अपना प्रिय मित्र कहने का सम्मान मिला। जिमी कार्टर के बारे में असाधारण बात यह है कि अमेरिका और दुनिया भर में लाखों लोग जो उनसे कभी नहीं मिले वे भी उन्हें अपना प्रिय मित्र मानते थे।"

 

 

अमेरिका के नए राष्ट्रपति चुने गए डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "राष्ट्रपति के रूप में जिमी ने जिन चुनौतियों का सामना किया वे हमारे देश के लिए एक महत्वपूर्ण समय पर आईं। उन्होंने सभी अमेरिकियों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए अपनी शक्ति में सब कुछ किया। हम सभी उनके आभारी हैं।"

यह भी पढ़ें- केबल टीवी के जनक चार्ल्स डोलन का 98 साल की उम्र में निधन

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Japan Earthquake: 7.6 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट, 10 फीट ऊंची लहरें उठने की आशंका
पाकिस्तानी संसद में गधे के घुसने का वीडियो वायरल, जानें क्या है इसका सच