
Donald Trump UN speech: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत और चीन पर आरोप लगाया कि ये देश तेल खरीदकर रूस को यूक्रेन में जंग लड़ने के लिए पैसे दे रहे हैं। ट्रंप ने दावा किया कि रूसी तेल और गैस की उनकी निरंतर खरीद से मास्को को मदद मिल रही है। उन्होंने कहा,
चीन और भारत रूसी तेल खरीद जारी रखे हुए हैं। वे यूक्रेन युद्ध के प्राथमिक वित्तपोषक हैं।
दरअसल, भारत ने बार-बार कहा है कि रूस के साथ उसका तेल व्यापार किसी भी अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन नहीं करता। यूरोपीय संघ और अमेरिका अभी भी अरबों डॉलर के रूसी सामान खरीदते हैं। भारत अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा। ट्रंप ने कहा, “यूक्रेन में रूस का युद्ध रूस को अच्छा नहीं दिखा रहा है। वैश्विक शक्तियों को मास्को को लड़ाई जारी रखने के लिए संसाधन नहीं देने चाहिए।”
राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस से तेल-गैस खरीद में कटौती न करने के लिए यूरोप और नाटो सहयोगियों की भी आलोचना की। चेतावनी दी कि अगर यूरोप ने कड़े कदम नहीं उठाए तो अमेरिका अकेले कार्रवाई करेगा। ट्रंप ने कहा,
यदि रूस युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समझौता करने को तैयार नहीं होता है तो अमेरिका शक्तिशाली टैरिफ का एक बहुत मजबूत दौर लागू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इन टैरिफों को प्रभावी बनाने के लिए यूरोपीय देशों को भी हमारे साथ मिलकर वही उपाय अपनाने होंगे। उन्हें रूस से सभी ऊर्जा खरीद को तत्काल बंद करना होगा।
यह भी पढ़ें- 'मैंने भारत पाकिस्तान जंग समेत 7 अंतहीन लड़ाइयां रोकी', संयुक्त राष्ट्र महासभा में बोले ट्रंप
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने पहले भी कई बार रूस से कच्चा तेल खरीदने के चलते भारत के खिलाफ नाराजगी जताई है। रूस से तेल खरीद के मामले में चीन पहले नंबर और भारत दूसरे नंबर पर है। ट्रंप ने भारत पर रूसी तेल खरीद के चलते 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। भारत से आयात होने वाले सामानों पर कुल अमेरिकी टैरिफ 50% है।
यह भी पढ़ें- संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक से पहले यूएस सीक्रेट सर्विस का बड़ा खुलासा, होने वाला था दूरसंचार हमला
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।