
लंदन। रूस द्वारा यूक्रेन पर हमला (Russia-Ukraine war) के बाद नाटो देश (NATO countries) लगातार प्रतिबंध लगा रहे हैं। यूके के पीएम बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) ने संसद में कहा कि लंदन की वित्तीय प्रणाली से रूसी बैंकों को बाहर रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने संसद में रूस पर लगाए जा रहे प्रतिबंध और देश पर इसके प्रभाव की जानकारी दी है।
संसद में बोलते हुए बोरिस जॉनसन ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन कभी भी अपने हाथों से यूक्रेन का खून साफ नहीं कर पाएंगे। रूस को इसके लिए भुगतना होगा। यूके ने प्रतिबंधों के तहत रूसी बैंकों को लंदन की वित्तीय प्रणाली से बाहर रखने का फैसला किया है।
कनाडा ने भी लगाए कई प्रतिबंध
कनाडा भी रूस पर प्रतिबंध लगाने में पीछे नहीं है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो (Justin Trudeau) ने बताया कि कनाडा ने 58 रूसी व्यक्तियों और संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाया है।
यह भी पढ़ें: Russia Ukraine war: पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति से यूक्रेन संकट पर की बात, हिंसा बंद करने की अपील
यूक्रेन के सैन्य बुनियादी ढांचों को तबाह कर रहा रूस
रूस मिसाइलों से सटीक हमला कर यूक्रेन के सैन्य बुनियादी ढांचों को तबाह कर रहा है। गुरुवार तड़के रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के पूर्वी डोनबास इलाके में सैन्य कार्रवाई की घोषणा की थी। इसके बाद से यूक्रेन के सैन्य ठिकानों पर रूस लगातार हमले कर रहा है। सैन्य बुनियादी ढांचों, एयर डिफेंस और एयर फोर्स के ठिकानों पर हमले किए जा रहे हैं। यूक्रेन की राजधानी कीव के अलावा निप्रो और खार्कीव में सेना मुख्यालयों, हवाई पट्टियों और सैन्य वेयरहाउसों पर हमले हुए हैं।
रूस की सेना ने 74 सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। 30 से अधिक जगहों पर बड़े हमले हुए हैं। राजधानी कीव में रूस की सेना घुस गई है। यूक्रेन के 40 सैनिकों और आम लोगों के मारे जाने की खबर आ रही है। कीव में यूक्रेन का एक फाइटर जेट क्रैश हो गया है। रूस के पैराट्रूपर्स यूक्रेन के महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों के पास हवा से उतर रहे हैं और उनपर कब्जा कर रहे हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के 50 सैनिक मारे गए हैं।
बता दें कि रूसी सशस्त्र बल दुनिया के सबसे बड़े सैन्य बलों में से एक है। सेना पर खर्च के मामले में रूस दुनिया के शीर्ष पांच देशों में शुमार है। यूक्रेन और रूस की सैन्य क्षमताओं की आमने-सामने की तुलना में रूस लगभग हर पहलू में यूक्रेन से काफी आगे है।
सोमवार को रूस ने दो देशों को दी थी मान्यता
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को विद्रोहियों के कब्जे वाले यूक्रेन के डोनेट्स्क और लुगांस्क क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता दी थी। इन दोनों को अलग देश के रूप में पुतिन ने मान्यता देते हुए अपने रक्षा मंत्रालय को अलगाववादियों के कब्जे वाले क्षेत्रों में शांति व्यवस्था का कार्य संभालने का निर्देश दिया।
यह है विवाद की वजह
रूस यूक्रेन की नाटो की सदस्यता का विरोध कर रहा है। लेकिन यूक्रेन की समस्या है कि उसे या तो अमेरिका के साथ होना पड़ेगा या फिर सोवियत संघ जैसे पुराने दौर में लौटना होगा। दोनों सेनाओं के बीच 20-45 किमी की दूरी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन पहले ही रूस को चेता चुके हैं कि अगर उसने यूक्रेन पर हमला किया, तो नतीजे गंभीर होंगे। दूसरी तरफ यूक्रेन भी झुकने को तैयार नहीं था। उसके सैनिकों को नाटो की सेनाएं ट्रेनिंग दे रही हैं। अमेरिका को डर है कि अगर रूस से यूक्रेन पर कब्जा कर लिया, तो वो उत्तरी यूरोप की महाशक्ति बनकर उभर आएगा। इससे चीन को शह मिलेगी। यानी वो ताइवान पर कब्जा कर लेगा।
यह भी पढ़ें-
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।