
Gupta Brothers: दक्षिण अफ्रीका से 2018 में भागे गुप्ता ब्रदर्स सोमवार को यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) में गिरफ्तार कर लिए गए। अतुल गुप्ता और राजेश गुप्ता पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के शासन काल में करोड़ों रुपए हड़पने का आरोप लगा है। गुप्ता ब्रदर्स को इंटरपोल की मदद से गिरफ्तार किया गया है। साउथ अफ्रीका की सरकार ने खुद इस बात की जानकारी दी है। हालांकि अभी ये पता नहीं चल पाया है कि इनके तीसरे भाई अजय गुप्ता को क्यों गिरफ्तार नहीं किया गया। बता दें कि गुप्ता ब्रदर्स पर वहां के तत्कालीन राष्ट्रपत जैकब जुमा के नजदीकी होने और सियासी फायदे के जरिए कारोबार को आगे बढ़ाने का आरोप लगा है।
गुप्ता ब्रदर्स पर लगे ये आरोप :
- गुप्ता ब्रदर्स पर आरोप है कि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा (Jacob Zuma) से उनके करीबी रिलेशन थे। इसका फायदा गुप्ता ब्रदर्स ने उठाया और सीनियर लेवल पर होने वाली भर्तियों पर उनका सीधा हस्तक्षेप था।
- गुप्ता ब्रदर्स ने सरकारी अथॉरिटीज के जरिए अरबों रैंड (दक्षिण अफ्रीका की करंसी) का घोटाला किया। अफ्रीका छोड़ने से पहले गुप्ता ब्रदर्स ने करीब 15 बिलियन रैंड्स लूटे थे। बाद में 2018 में ये दक्षिण अफ्रीका छोड़ दुबई चले गए।
- इंटपोल की ओर से गुप्ता ब्रदर्स के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। बता दें कि अरबों रैंड लूटने वाले गुप्ता ब्रदर्स जब 2018 में साउथ अफ्रीका छोड़कर भागे तो उसके बाद तत्कालीन राष्ट्रपति जैकब जुमा के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन होने लगे। बता दें कि गुप्ता ब्रदर्स की वजह से जैकब जुमा को भ्रष्टाचार के आरोप में 15 महीने जेल में रहना पड़ा था।
अब क्या होगा गुप्ता ब्रदर्स का?
गुप्ता ब्रदर्स को गिरफ्तार किए जाने के बाद अब उन्हें साउथ अफ्रीका ले जाया जाएगा। दरअसल, जून 2021 से पहले साउथ अफ्रीका और यूएई के बीच प्रत्यर्पण संधि नहीं थी। हालांकि, बाद में दोनों देशों के बीच यह समझौता हो गया है, इसलिए अब गुप्ता ब्रदर्स को वहां ले जाकर जांच की जाएगी।
आखिर कहां के हैं गुप्ता ब्रदर्स?
गुप्ता ब्रदर्स यूपी के सहारनपुर के रहने वाले हैं। 90 के दशक में दोनों साउथ अफ्रीका चले गए और वहां कार में रखकर जूते बेचने लगे। कुछ सालों बाद उनका पूरा परिवार वहीं बस गया। बाद में गुप्ता ब्रदर्स ने पॉलिटिकल रिलेशन मजबूत किए और सरकार के उच्च अधिकारियों से सांठगांठ कर वहां आईटी, मीडिया और माइनिंग कंपनियां खोल लीं। कहा जा रहा है कि इस काम में गुप्ता ब्रदर्स की मदद बैंक ऑफ बड़ौदा ने की थी। एक समय गुप्ता ब्रदर्स का कारोबार साउथ अफ्रीका में इतना फैल गया था कि वो वहां के टॉप-10 अमीरों में शुमार हो गए थे।
ये भी देखें :
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।