
California Los Angeles Wildfires: अमेरिका के लॉस एंजिल्स और कैलिफोर्निया में लगी आग तेज से फैल रही है। इसके चलते कम से कम 5 लोगों की मौत हुई है। हजारों घर जल गए हैं। 1 लाख से अधिक लोगों को घर छोड़कर भागना पड़ा है।
लॉस एंजिल्स फायर चीफ क्रिस्टिन क्राउली ने बताया है कि हॉलीवुड हिल्स के झाड़ीदार इलाके में नई जंगल की आग भड़क उठी है। लॉस एंजिल्स में पांच जगह आग लगी हुई है। तूफानी हवाएं चल रहीं है, जिससे आग तेजी से भड़क रही है। आग बुझाने में परेशानी हो रही है। संसाधन कम पड़ रहे हैं।
आग ने हजारों घरों को तबाह कर दिया है। पैसिफिक पैलिसेड्स और हॉलीवुड हिल्स में अमीर लोगों के घर हैं, ये जल गए हैं। जेमी ली कर्टिस और मार्क हैमिल जैसी मशहूर हस्तियों के घर जल गए हैं। उन्हें सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा है। हॉलीवुड हिल्स से भी लोगों को निकालना पड़ा है। लगभग दस लाख घरों की बिजली चली गई है। पूरे काउंटी में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
स्टूडियो सिटी में सनस्वेप्ट ड्राइव और वेनेटा प्लेस के पास बुधवार देर रात आग लग गई। इसके चलते कई घर जल गए। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट (एलएएफडी) ने बताया कि हेलीकॉप्टरों की मदद से 50 से अधिक अग्निशमन दल ने स्थानीय समयानुसार रात 10 बजे तक आग पर काबू पा लिया। सनस्वेप्ट फायर नाम की यह आग पहले छोटी सी झाड़ी में लगी थी। इसके बाद तेजी से फैली और आस-पास के घरों को जला दिया।
दक्षिणी कैलिफोर्निया में लगी विनाशकारी जंगल की आग के कारण 97वें अकादमी पुरस्कार के नामांकन की घोषणा 17 जनवरी से 19 जनवरी तक के लिए टाल दी गई है। मतदान की समयसीमा 14 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। आग के कारण मशहूर हस्तियों के घरों सहित बड़ा नुकसान हुआ है। फिल्म प्रीमियर, एसएजी अवार्ड्स और क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड्स जैसे प्रमुख कार्यक्रमों को टाल दिया गया है।
लॉस एंजिल्स में अब तक की सबसे भीषण जंगल की आग में 1 लाख से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने औपचारिक रूप से संघीय आपदा घोषणा पर साइन किए हैं। जेमी ली कर्टिस, मैंडी मूर, मारिया श्राइवर, पेरिस हिल्टन और अन्य मशहूर हस्तियों को उनके घरों से निकाला गया है। आग ने पैसिफिक पैलिसेड्स में 12,000 एकड़ जमीन जला दिया है।
अमेरिकी स्टार पेरिस हिल्टन का घर जल गया है। उन्होंने गुरुवार को अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, "टीवी पर मालिबू में अपने घर को जलते हुए देखकर दिल टूट गया है। हमारी रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले बहादुर अग्निशामक सच्चे हीरो हैं। मैं आपके साहस, समर्पण, जीवन बचाने और इस अकल्पनीय लड़ाई से लड़ने के लिए आपके द्वारा किए जा रहे बलिदानों के लिए बहुत आभारी हूं। मेरे दिल की गहराइयों से धन्यवाद।"
यह भी पढ़ें- लॉस एंजिल्स: जंगल की आग से 5 की मौत, 70 हजार लोगों ने घर छोड़ा, खौफनाक तस्वीरें
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।