जनसंख्या बढ़ाने को रूस की अनोखी पहल, बच्चा पैदा करने पर महिला को मिलेंगे 81 हजार

Published : Jan 09, 2025, 01:06 PM IST
Baby

सार

करेलिया में 25 साल से कम उम्र की छात्राओं को स्वस्थ बच्चे के जन्म पर 1 लाख रूबल (लगभग ₹81 हजार) मिलेंगे। रूस में गिरती जन्म दर को देखते हुए यह पहल की गई है।

मॉस्को। चीन और जापान की तरह रूस भी गिरती जन्म दर से परेशान है। रूस के करेलिया क्षेत्र में जनसंख्या वृद्धि बढ़ाने के लिए अनोखी पहल की गई है। इसके अनुसार 25 साल से कम उम्र की छात्रा अगर स्वस्थ बच्चे को जन्म देती है तो उसे 1 लाख रूबल (करीब 81 हजार रुपए) की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इस योजना का लाभ उसी लड़की को मिलेगा जो स्थानीय यूनिवर्सिटी या कॉलेज की छात्रा हो। उम्र 25 साल से कम होनी चाहिए। वह करेलिया क्षेत्र की हो। अगर किसी महिला ने मृत बच्चे को जन्म दिया तो उसे पैसे नहीं मिलेंगे। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि अगर जन्म के कुछ देर बाद बच्चे की मौत होती है तो क्या पैसे मिलेंगे या नहीं। यह भी स्पष्ट नहीं है कि क्या विकलांग बच्चों को जन्म देने वाली महिला को पैसे मिलेंगे या नहीं।

ऐतिहासिक रूप से कम हो गई रूस की जन्म दर

रूस की जन्म दर इतनी कम हो गई है, जितना पहले कभी नहीं था। 2024 की पहली छमाही में रूस में सिर्फ 599,600 बच्चे ही पैदा हुए। यह 25 साल में सबसे कम संख्या है। 2023 में इसी अवधी में 16 हजार अधिक बच्चे पैदा हुए थे।

रूस के अन्य क्षेत्र भी युवा महिलाओं को बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए इसी तरह के प्रोत्साहन लागू कर रहे हैं। मध्य रूस के एक शहर टॉम्स्क में भी इसी तरह का कार्यक्रम चल रहा है। रूस में कम से कम 11 क्षेत्रीय सरकारें बच्चे को जन्म देने वाली महिला छात्रों को प्रोत्साहन दे रही हैं।

रूस की राष्ट्रीय सरकार बच्चा पैदा करने पर महिला को देती है 5.68 लाख

रूस की राष्ट्रीय सरकार ने मातृत्व भुगतान में भी वृद्धि की है। 2025 से पहली बार मां बनने वाली महिलाओं को 677,000 रूबल (5.68 लाख रुपए) मिलेंगे। 2024 में 630,400 रूबल (5.29 लाख रुपए) दिए जाते थे। इसके अलावा, दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली माताओं को 894000 रूबल (7.50 लाख रुपए) मिलेंगे। 2024 में यह 833,000 रूबल (6.99 लाख रुपए) था।

घट रही है रूस की जनसंख्या

बता दें कि रूस की जनसंख्या घट रही है। इसकी वजह कम जन्म दर है। यूक्रेन के साथ लड़ाई के चलते स्थिति और भी खराब हो गई है। बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए हैं। बड़ी संख्या में रूस के लोग विदेश गए हैं।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

‘अपने भाई से शादी करने वाली महिला नहीं चाहिए’: ट्रंप ने इल्हान उमर पर फिर साधा निशाना-क्यों?
पाकिस्तान के जज के चैंबर में अजब चोरी: 2 सेब+1 हैंडवॉश गायब-FIR दर्ज फिर क्यों मचा हंगामा?