
दुनिया की सबसे लंबी महिला रुमेयसा गेल्गी हैं। गेल्गी की लंबाई सात फीट सात इंच है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी इसी लंबाई के कारण गेल्गी का नाम दर्ज है। गेल्गी वीवर सिंड्रोम से पीड़ित हैं। यही उनकी इस असाधारण लंबाई का कारण भी है।
इस लंबाई के कारण गेल्गी को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनमें से एक है हवाई जहाज में हमारी तरह बैठकर सफर न कर पाना। अब गेल्गी की एक हवाई यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हाल ही में टर्किश एयरलाइंस ने गेल्गी के लिए यूके और यूएस की यात्रा की व्यवस्था की थी। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा शेयर किए गए वीडियो में गेल्गी बता रही हैं कि कैसे टर्किश एयरलाइंस ने उनकी यात्रा को आरामदायक बनाया।
अगर बैठकर सफर नहीं कर सकतीं, तो फिर गेल्गी कैसे सफर करती हैं? सीटों को हटाकर उसकी जगह एक स्ट्रक्चर बनाया गया। उस पर लेटकर गेल्गी ने सफर किया। वीडियो में गेल्गी को स्ट्रेचर पर लेटे हुए और एयरलाइन कर्मचारियों द्वारा उन्हें विमान में चढ़ने में मदद करते हुए देखा जा सकता है।
वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि कैसे दुनिया की सबसे लंबी महिला सफर करती है और अपने दोस्तों से मिलती है। स्कोलियोसिस की वजह से उन्हें सीधे बैठने में दिक्कत होती है। स्कोलियोसिस रीढ़ की हड्डी का एक तरफ झुकना है। गेल्गी बताती हैं कि उनकी रीढ़ की हड्डी में 2 लंबी रॉड और 30 स्क्रू लगे हैं, जो उन्हें बैठने से रोकते हैं।
वीडियो देखकर पता चलता है कि स्ट्रेचर पर लेटकर गेल्गी की यात्रा काफी आरामदायक रही और विमान के कर्मचारी उनके साथ थे। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा शेयर किए गए वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट किए हैं।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।