अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) 2023-31 सत्र में टी20 विश्व कप में टीमों की संख्या 16 से बढ़ाकर 20 करने पर विचार कर रहा है

लंदन: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) 2023-31 सत्र में टी20 विश्व कप में टीमों की संख्या 16 से बढ़ाकर 20 करने पर विचार कर रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया। ‘टेलीग्राफ.को.यूके’ के अनुसार खेल के दायरे को बढ़ाने के लिए टी20 प्रारूप को सर्वश्रेष्ठ तरीका मानने वाला आईसीसी इस विकल्प पर विचार कर रहा है जिससे कि क्रिकेट फुटबाल और बास्केटबाल जैसे लोकप्रिय खेलों की बराबरी का प्रयास कर सके।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

समाचार पत्र के अनुसार इस मुद्दे पर विचार 2023-31 के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर को लेकर होने वाली विस्तृत चर्चा का हिस्सा है। इस सत्र का पहला टी20 विश्व कप 2024 में होगा। आईसीसी ने वैश्विक मीडिया अधिकार बाजार में उतरने से पहले प्रत्येक वर्ष एक वैश्विक प्रतियोगिता के आयोजन का प्रस्ताव रखा है और विश्व कप में टीमों की अधिक संख्या से दर्शकों की संख्या में भी इजाफा होगा।

नाईजीरिया की टीम को मिल सकता है मौका

बड़े टूर्नामेंट का मतलब है कि अमेरिका के इसमें प्रतिनिधित्व की संभावना बढ़ेगी। आईसीसी अमेरिका को बड़े बाजार के रूप में देखता है और यहां खेल को बढ़ावा देने के लिए उसने हाल में कई प्रयास किए हैं। कनाडा, जर्मनी, नेपाल और नाईजीरिया की टीम को भी इसमें खेलने का मौका मिल सकता है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)