आखिरी ओवर में टॉम करन ने अफ्रीका को 15 रन नहीं बनाने दिए और इंग्लैंड यह मैच 2 रन से जीत गया। सीरीज के पहले मैच में भी आखिरी ओवर में अफ्रीका के लुंगी एन्गिडी ने शानदार गेंदबाजी कर इंग्लैंड को 7 रन नहीं बनाने दिए थे। 

डरबन. टॉम करन के अंतिम दो गेंद में दो विकेट झटकने से इंग्लैंड ने शुक्रवार को दूसरे T-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका पर दो रन से रोमांचक जीत हासिल की जिससे तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर हो गयी। इस मुकाबले में दोनों पारियों में 30 छक्के लगे और अब श्रृंखला का फैसला रविवार को सेंचुरियन में होने वाले तीसरे और अंतिम मैच के नतीजे से होगा। आखिरी ओवर में टॉम करन ने अफ्रीका को 15 रन नहीं बनाने दिए और इंग्लैंड यह मैच 2 रन से जीत गया। सीरीज के पहले मैच में भी आखिरी ओवर में अफ्रीका के लुंगी एन्गिडी ने शानदार गेंदबाजी कर इंग्लैंड को 7 रन नहीं बनाने दिए थे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए सात विकेट पर 204 रन की पारी खेली जिसमें मैन आफ द मैच मोईन अली ने 11 गेंद में तेजी से 39 रन जुटाये जिससे मेहमान टीम ने अंतिम पांच ओवरों में 79 रन जुटाये। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट पर 202 रन बना पायी।

बेकार गई डिकॉक की आक्रामक पारी 
दक्षिण अफ्रका के कप्तान क्विंटन डि कॉक ने 22 गेंद में आठ छक्कों की मदद से 65 रन की पारी खेली, उन्होंने तेम्बा बावुमा के साथ 92 रन की भागीदारी निभायी। मार्क वुड ने इन दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट झटके। लेकिन रासी वान डर डुसेन (नाबाद 43 रन) और ड्वेन प्रिटोरियस (25) ने दक्षिण अफ्रीका को करीब तक पहुंचा दिया था। इससे टीम को अंतिम ओवर में जीत के लिये 15 रन की दरकार थी जिसमें प्रिटोरियस ने 12 रन बनाये लेकिन वह यार्कर गेंद पर पगबाधा आउट हो गये।

इंग्लैंड का बदला पूरा 
अफ्रीका को अंतिम दो गेंद में तीन रन चाहिए थे लेकिन टीम ने प्रिटोरियस का विकेट गंवा दिया। ब्योर्न फोर्टुइन ने अंतिम गेंद को फ्लिक करने की कोशिश की पर आदिल राशिद को कैच देकर आउट हो गये। इसी के साथ पहले मैच में हारने वाले इंग्लैंड का बदला पूरा हो गया। दक्षिण अफ्रीका की टीम को अपनी ही दवाई का स्वाद चखना पड़ा है।