ऋषभ पंत ने भारतीय पारी के 12वें ओवर में हसन अली की दो गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाए। एक छक्का स्क्वायर लेग की ओर लगाया, वहीं दूसरा छक्का लॉन्ग ऑफ के ऊपर से जड़ा। पंत के ये दोनों छक्के इसलिए खास थे क्योंकि उन्होंने ये सिक्स महज एक हाथ से लगाए थे।

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और पाकिस्तान (Ind Vs Pak) के बीच रविवार को टी-20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2021) का महामुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया के विकेटकीपर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने एक हाथ से दो शानदार छक्के जड़े। दोनों शॉट लगाते हुए उनका एक हाथ से बैट छूट गया। ये दोनों ही गेंदें बाउंड्री के पार आसमानी सैर करती दिखीं। मैच में उनके दो छक्कों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पंत के पुराने भी ऐसे कई वीडियो वायरल हो चुके हैं जिनमें छक्के लगाते वक्त उनका एक हा‌थ बैट के हैंडल से हट जाता है। पंत के दोनों छक्के इतने कमाल के थे कि पाकिस्तानी कैप्टन बाबर आजम भी अपने गेंदबाज की पिटाई देख अपनी मुस्कान नहीं रोक सके।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

12वें ओवर में लगाए छक्के
ऋषभ पंत ने भारतीय पारी के 12वें ओवर में हसन अली की दो गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाए। एक छक्का स्क्वायर लेग की ओर लगाया, वहीं दूसरा छक्का लॉन्ग ऑफ के ऊपर से जड़ा। पंत के ये दोनों छक्के इसलिए खास थे क्योंकि उन्होंने ये सिक्स महज एक हाथ से लगाए थे। पंत ने दोनों ही छक्के लगाते हुए अपना एक हाथ छोड़ दिया और इसके बावजूद गेंद 80 मीटर दूर गई। पंत ने जब पहला छक्का लगाया तो बाबर आजम भी मुस्कुराते नजर आए।

छोटी सी पारी में जीता दिल
भारत के लिए पंत हालांकि बहुत बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वह 30 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हुए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कप्तान विराट कोहली के साथ 42 गेंदों में 53 रनों की साझेदारी की। पंत जब क्रीज पर आए थे तो भारतीय टीम ने 5.4 ओवर में 31 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद पंत ने संभलकर खेलते हुए भारतीय टीम को 100 के करीब पहुंचाया। हालांकि एक बड़ा शॉट खेलने के फेर में वो शादाब खान की एक स्लो बॉल पर आउट हो गए। पंत गेंद को टाइम नहीं कर पाए और शॉट हवा में ऊंचा गया। लेकिन उनकी यह छोटी सी पारी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। 

बेहद पावरफुल हिटर हैं पंत
बता दें ऋषभ पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वॉर्मअप मैच में भी एक हाथ से छक्का लगाया था और यही काम उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ किया। पंत एक हाथ से इसलिए छक्के लगाने में कामयाब रहते हैं क्योंकि उनकी बैकलिफ्ट काफी ऊपर होती है। यही नहीं पंत छक्का लगाने के लिए अपने पैरों की ताकत का इस्तेमाल भी करते हैं।

IPL में भी वन हैंडेड सिक्सर
IPL के पहले क्वालिफायर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए ऋषभ पंत ने एक हाथ से दो शानदार छक्के लगाए थे। उनकी 35 गेंदों की पारी में 2 बार ऐसा हुआ, जब शॉट लगाते हुए एक हाथ से बैट छूट गया। ये दोनों ही गेंदें बाउंड्री के पार गईं थीं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने तो यहां तक दावा कर दिया था कि ये छक्के लगाने का एक नया तरीका है। जैसे धोनी ने हेलिकॉप्टर शॉट ईजाद किया था, उसी तरह पंत ने एक हाथ से छक्का लगाने का नया ट्रेंड शुरू किया है।

इसे भी पढ़ें-T20 World Cup 2021: भारत की हार में विलेन बने 7 खिलाड़ी, 29 साल में पहली बार पाक से हारी टीम इंडिया