भारतीय कप्तान विराट कोहली से मिलने की ख्वाहिश के साथ शनिवार को यहां 22 वर्षीय युवक सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए होलकर स्टेडियम के मैदान में घुस गया। इस वक्त स्टेडियम में भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच चल रहा था।

इंदौर. भारतीय कप्तान विराट कोहली से मिलने की ख्वाहिश के साथ शनिवार को यहां 22 वर्षीय युवक सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए होलकर स्टेडियम के मैदान में घुस गया। इस वक्त स्टेडियम में भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच चल रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंतराष्ट्रीय मैच के दौरान मैदान में घुसे युवक पर नजर पड़ते ही उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने बताया कि हिरासत में लिया गया युवक अपना नाम सूरज बिष्ट (22) बता रहा है। वह खुद को उत्तराखंड का मूल निवासी बता रहा है। उसने दावा किया कि वह इंदौर के भंवरकुआं इलाके में खाना बनाने का काम करता है। अधिकारियों के मुताबिक शुरूआती पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कोहली का बड़ा प्रशंसक है और भारतीय कप्तान से मिलने की ख्वाहिश के साथ दर्शक दीर्घा की जाली फांदकर मैदान में घुसा था।

उन्होंने बताया कि युवक ने कोहली का नाम छपी टी-शर्ट पहन रखी थी। उसने अपने हाथ पर कोहली के नाम का टैटू भी बनवा रखा था। उसने अपने चेहरे पर रंगों से "वीके" लिख रखा था। अधिकारियों ने बताया कि युवक की पहचान की तसदीक की जा रही है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर मामले में उचित कदम उठाया जायेगा।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)