भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने भारत में लगातार बढ़ रहे COVID-19 के मरीजों के लिए राहत कार्य अभियान की घोषणा की। 

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने भारत में लगातार बढ़ रहे COVID-19 के मरीजों के लिए मदद करने की घोषणा की है। सोशल मीडिया पर दोनों ने एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने भारत में कोरोना की स्थिति पर ना सिर्फ चिंता जाहिर की बल्कि राहत कार्य के लिए लगे कोरोना वॉरियर्स को सलाम भी किया। उन्होंने एक फंडरेज़र की डीटेल्स भी शेयर की है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred
View post on Instagram

कोहली ने इंस्टाग्राम के जरिए 45 सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने राहत बचाव कार्य के बारे में डिटेल जानकारी दी। उन्होंने बताया, 'कोविड -19 के प्रकोप के बाद से हमारा देश कई कोशिश कर रहा है, हमारी स्वास्थ्य प्रणालियों को चुनौती दी जा रही है, हमें एक साथ आने और अपने भारत की मदद करने की जरूरत है। अनुष्का और मैंने कोविड-19 पर एक अभियान शुरू किया है, कोविड -19 राहत के लिए धन जुटाने के लिए और हम आपके समर्थन के लिए आभारी होंगे। जीवन बचाने के लिए कोई राशि बहुत छोटी नहीं है।' उन्होंने कहा, 'हम बदलाव लाने के लिए सबकुछ करेंगे, लेकिन इससे लड़ने के लिए आपकी मदद चाहिए। मैं आप सभी से हमारे आंदोलन में शामिल होने का आग्रह करता हूं। हमारे देश को सुरक्षित और मजबूत रखने के लिए अपना सहयोग दें। धन्यवाद।' उन्होंने एक लिंक भी शेयर की, जहां कोई भी अपना सहयोग दे सकता है।

2 करोड़ की आर्थिक मदद करेंगे विरुष्का
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने शुक्रवार को फंड जुटाने वाली योजना के लिए 2 करोड़ रुपये दान करने की घोषणा की। बता दें कि विरुष्का ये अभियान के जरिए 7 करोड़ जुटाना चाह रहे हैं, जो कोविड के खिलाफ देश की लड़ाई में मदद कर सकती है।

ये खिलाड़ी भी कर चुके हैं मदद का ऐलान
इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स पैट कमिंस और ब्रेट ली ने भारत की मदद के लिए योगदान दिया था। वहीं, वेस्ट इंडीज के खिलाड़ी निकोलस पूरन ने भी अपनी आईपीएल सैलरी का कुछ हिस्सा देने का ऐलान किया है। विदेशी खिलाड़ियों के अलावा भारतीय क्रिकेटरों जैसे सचिन तेंदुलकर, इरफान पठान, यूसुफ पठान, हार्दिक पांड्या, और क्रुणाल पांड्या ने भी अलग-अलग तरीकों से भी योगदान दिया। आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स ने भी भारत के लिए अपना योगदान देने की पहल की है।