महाराष्ट्र सरकार ने राज्य को अनलॉक करने का फैसला किया है। राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री विजय वेडत्तिवर ने बताया कि लॉकडाउन हटाने के लिए सरकार ने 5 चरणों में अनलॉक का प्लान बनाया है। 

मुंबई. प्रदेश में कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद ठाकरे सरकार ने अनलॉक की प्रक्रिया का ऐलान कर दिया है। अनलॉक की प्रक्रिया 5 फेज में होगी। हालांकि अभी मुंबई में किसी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं हटाया जाएगा। 15 जून के बाद मुंबई को लेकर कोई फैसला हो सकता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कल से इन जिलों को खोला जाएगा
गुरुवार को राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री विजय वेडत्तिवर ने कहा कि सरकार ने 5 चरणों में राज्य को अनलॉक करने का प्लान बनाया है। यह राज्य में संक्रमण की दर और जिलों में ऑक्सीजन बेड की उपलब्धता के आधार पर होगा। पहले चरण में भंडारा, नासिक, धुले, ठाणे, परभणी, जलगांव और नांदेड से प्रतिबंध हटाया जाएगा।

यहां खोले जाएंगे सिनेमा हाल भी
जिन जिलों या शहरों में पॉजिटिविटी रेट सिर्फ 5 प्रतिशत है, और वहां पर 25% से ज्यादा बेड खाली हैं उन जगहों पर सिनेमा हाल भी खोले जाएंगे। इन जिलों में लॉकडाउन जैसा किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। इतना ही नहीं प्रदेश में सरकार ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा को भी रद्द कर दिया है।

प्रदेश को 5 लेवल में बांटा गया
राज्य सरकार ने प्रदेश को 5 लेवल में बांटा है। बता दें राज्य के 36 में से 18 जिले ऐसे हैं, जहां किसी भी तरह की पाबंदी नहीं होगी। यानि शुक्रवार से इन जिलों को पूर्ण रुप से खोल दिया जाएगा। वहीं लेवल 1, लेवल 2, लेवल 3, लेवल 4 में वह जिले आते हैं, जहां संक्रमण दर कम होने के हिसाब से रियायत दी जाएगी। लेवल 1 के तहत आने वाले जिले औरंगाबाद, भंडारा, धुले, गडचिरौली, जलगांव, जलगना, नांदेड़, नासिक, परभणी और थाणे हैं। जबकि लेवल 2 में मुंबई के अलावा अमरावती, हिंगोली और नंदुरबार जिले शामिल हैं।

देश के इन 15 राज्यों में अभी भी लॉकडाउन जैसी पाबंदी
बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर को आए तीन महीने से ज्यादा का वक्त हो गया है, लेकिन अभी देश के 15 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इन राज्यों में दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, कर्नाटक, तमलनाडु, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, केरल, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, और पुडुचेरी शामिल हैं।