बंगाल की खाड़ी बनने वाला चक्रवाती तूफान सितरंग (Cyclone Sitrang) 25 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटों तक पहुंच सकता है। इसके चलते ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश हो सकती है।

भुवनेश्वर। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में दिवाली की रौनक इस साल बारिश से धुल सकती है। 23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात सितरंग बनने की संभावना है। उत्तर अंडमान सागर और दक्षिण अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों और बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। इससे 23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवात सितरंग बनने की संभावना है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कम दबाव का क्षेत्र समुद्र तल से 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले संभावित चक्रवाती तूफान के 25 अक्टूबर तक ओडिशा को पार करते हुए पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटों तक पहुंचने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र 
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि गुरुवार को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसके अगले चार दिनों में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। 22 अक्टूबर के आसपास यह पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक डिप्रेशन के रूप में विकसित होने की संभावना है। 23 अक्टूबर तक इसके डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- ब्रह्मोस से लेकर प्रचंड तक, ये हैं भारत के 10 स्वदेशी हथियार, इनके भय से कांप जाता है दुश्मन का कलेजा

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि डीप डिप्रेशन में बदलने के बाद चक्रवात के उत्तर की ओर फिर से मुड़ने और 24 अक्टूबर तक पश्चिम-मध्य और इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान के रूप में बदलने की संभावना है। इसके बाद तूफान के धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और 25 अक्टूबर तक ओडिसा को पार करते हुए पश्चिम बंगाल व बांग्लादेश के तट के पास पहुंचने की संभावना है। 

यह भी पढ़ें- Mission LiFE: क्या है मिशन लाइफ, आखिर क्या है इसका मंत्र और मकसद? दुनिया के लिए क्यों है बेहद जरूरी

ओडिशा में हो सकती है भारी बारिश
मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि आईएमडी ने अभी तक चक्रवात की तीव्रता और हवा की गति का पूर्वानुमान नहीं लगाया है। तटीय ओडिशा में 23 अक्टूबर से अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होगी। वहीं, भुवनेश्वर में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि पुरी, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों में 23 अक्टूबर को तेज बारिश होने की संभावना है।