दिल्ली में भीषण गर्मी से लोगों को निजात मिली है। शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश ने तापमान का पारा नीचे ला दिया है। बारिश ने कई समस्याओं को भी बढ़ाया। तेज बारिश की वजह से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत एक दर्जन फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा। 

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी व आसपास के इलाकों में शुक्रवार को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि, भारी बारिश व आंधी की वजह से शुक्रवार को कई इलाकों में जलजमाव की स्थितियों का भी सामना करना पड़ा। दर्जन भर से अधिक उड़ाने बेहद खराब मौसम की वजह से रद्द करनी पड़ी या डायवर्ट कर किसी दूसरे शहर में सेफ लैंडिंग करानी पड़ी। खराब मौसम की वजह से दिल्ली हवाई अड्डे से प्रभावित उड़ानों में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की फ्लाइट भी रही। इन सभी फ्लाइट्स को दिल्ली की बजाय कहीं डायवर्ट करना पड़ा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दिल्ली हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यात्रियों को उड़ान जानकारी के लिए एयरलाइनों से संपर्क करने की सलाह दी है। दिल्ली में उड़ान संचालन प्रभावित होने के कारण कुछ उड़ानों को लखनऊ और जयपुर के लिए डायवर्ट किया गया। दिल्ली हवाई अड्डे ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया कि खराब मौसम के कारण, दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों से अनुरोध है कि अद्यतन उड़ान जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।

दोपहर से शुरू हुई बारिश, देर शाम को हुई तेज

राष्ट्रीय राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में बारिश दोपहर में शुरू हुई थी। शाम होते होते बारिश तेज होती गई। सामान्य जनजीवन प्रभावित करने वाली बारिश ने राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी से तो राहत दे दी है। दिल्ली का तापमान दिन ब दिन बढ़ रहा था। गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी थी। बारिश के बाद तमाम लोगों ने खुशनुमा मौसम की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की।
इससे पहले गुरुवार को शहर के बेस वेदर स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 43.6 डिग्री तक पहुंच गया था।

अगले तीन-चार दिनों तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने शनिवार को आंधी के साथ आंधी चलने की संभावना जताई है। अगले तीन से चार दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमानकर्ताओं ने कहा कि पंजाब और हरियाणा पर बने एक चक्रवाती परिसंचरण के कारण शनिवार को रुक-रुक कर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ रविवार से उत्तर पश्चिमी भारत में बारिश और गरज के साथ शुरू होगा। नतीजतन, दिल्ली में मंगलवार तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा।

एक निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा, "एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ गर्मी से रुक-रुक कर राहत देता रहेगा। एक सप्ताह तक लू की संभावना नहीं है।"