उत्तर प्रदेश के लखनऊ लोकसभा सीट भाजपा का गढ़ रही है। 1991 से लगातार यहां भाजपा के उम्मीदवार को जीत मिल रही है। यहां से राजनाथ सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ लोकसभा सीट से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मैदान में हैं। 1991 से यह सीट भाजपा का गढ़ है। 1991 से पार्टी को यहां लगातार जीत मिल रही है। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से राजनाथ सिंह को जीत मिली थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

लखनऊ लोकसभा सीट में पांच विधानसभा क्षेत्र (लखनऊ पश्चिम, लखनऊ उत्तर, लखनऊ पूर्व, लखनऊ मध्य और लखनऊ कैंट) शामिल हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में यहां से सांसद चुने गए थे।

2019 में राजनाथ सिंह को 3,47,302 मतों के अंतर से मिली थी जीत

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान लखनऊ निर्वाचन क्षेत्र में 20,40,367 मतदाता थे। इनमें से 10,96,455 पुरुष, 9,43,815 महिला और 97 थर्ड जेंडर थे। 2019 के चुनाव में राजनाथ सिंह को यहां से 3,47,302 मतों के अंतर से जीत मिली थी। उन्हें 6,33,026 वोट (56.64%) मिले थे। उन्होंने समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार पूनम शत्रुघ्न सिन्हा को हराया था। पूनम को 2,85,724 वोट (25.57%) मिले थे। कुल वैध मतों की संख्या 11,16,445 थी। कांग्रेस उम्मीदवार आचार्य प्रमोद कृष्णम 1,80,011 वोट (16.11%) के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

2014 में राजनाथ सिंह को मिले थे 54.23% वोट

2014 में हुए आम चुनाव में लखनऊ सीट से राजनाथ सिंह पहली बार मैदान में उतरे थे। उन्हें 5,61,106 वोट (54.23%) मिले थे। कांग्रेस उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी 2,88,357 वोट (27.87%) लाकर दूसरे स्थान पर रहीं थीं। राजनाथ सिंह ने रीता बहुगुणा को 2,72,749 वोटों के अंतर से हराया था। कुल 10,33,883 वोट डाले गए थे। बसपा के नकुल दुबे 64,449 वोट (6.23%) के साथ तीसरे और सपा उम्मीदवार अभिषेक मिश्रा 56,771 वोट (5.49%) के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक, भाजपा को मिल रहा परिवारवादी पार्टियों का साथ

1977 से 2019 तक लखनऊ में किसे मिली जीत

  • 2019- राजनाथ सिंह, भाजपा
  • 2014- राजनाथ सिंह, भाजपा
  • 2009- लाल जी टंडन, भाजपा
  • 2004- अटल बिहारी वाजपेयी, भाजपा
  • 1999- अटल बिहारी वाजपेयी, भाजपा
  • 1998- अटल बिहारी वाजपेयी, भाजपा
  • 1996- अटल बिहारी वाजपेयी, भाजपा
  • 1991- अटल बिहारी वाजपेयी, भाजपा
  • 1989- मांधाता सिंह, जनता दल
  • 1984- शीला कौल, कांग्रेस
  • 1980- शीला कौल, कांग्रेस
  • 1977- हेमवती नंदन बहुगुणा, बीएलडी

यह भी पढ़ें- इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई पर राहुल बोले- देश में नहीं लोकतंत्र, PM कर रहे क्रिमिनल एक्शन