संसद के मानसून सत्र (Monsoon session) के तीसरे दिन भी हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही की शुरुआत हंगामे के साथ हुई। इससे पहले संसद के बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की।

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र (Monsoon session) के तीसरे दिन की शुरुआत हंगामे के साथ हुई है। मणिपुर हिंसा को लेकर पहले दो दिन कामकाज नहीं हुआ था। विपक्ष द्वारा भारी हंगामा किया गया, जिसके चलते सदन की कार्रवाही को स्थगित करना पड़ा। संसद में सोमवार का दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों की नारेबाजी से शुरू हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में अपनाई जाने वाली रणनीति को लेकर मंत्रियों के साथ बैठक की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मानसून सत्र अपडेट्स

  • मणिपुर मुद्दे पर हंगामे को लेकर राज्यसभा के सभापति ने सख्ति बरती है। आप सांसद संजय सिंह को पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। विपक्षी सांसदों ने वेल में आकर नारेबाजी की थी। सभापति के बार-बार करने पर भी संजय सिंह अपनी कुर्सी पर नहीं गए थे, जिसके चलते यह कार्रवाई हुई।
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में कहा कि हम संसद में चर्चा के लिए तैयार हैं। इसके बाद भी हंगामा होता रहा। इसके चलते लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। राज्यसभा की कार्यवाही भी थोड़ी देर ही चल पाई। हंगामे के चलते इसे दोपहर तक स्थगित करना पड़ा। बाद में लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
  • समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने संसद में कहा, "मैं इससे ज्यादा क्या कह सकती हूं कि मणिपुर की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है, लेकिन हमारे देश में नहीं...यह शर्म की बात है।"
  • लोकसभा में विपक्षी दलों के सांसद मणिपुर हिंसा से जुड़े पोस्टर लेकर पहुंचे हैं। इसपर लोकसभा अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। 
  • राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार के खिलाफ बीजेपी ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि हम राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के इस्तीफे की मांग करते हैं। महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने की जरूरत है।
  • भाजपा सांसद राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा, “महिला सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी की सरकार ने 11 करोड़ शौचालय बनाने से लेकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए बहुत कुछ किया है। इससे देश में व्यवहारिक बदलाव आए हैं। एक कानून है कि 12 साल से कम उम्र की लड़की से बलात्कार के मामले में मौत की सजा होगी। फास्ट ट्रैक अदालतें स्थापित की गई हैं।”
  • आप सांसद राघव चड्ढा ने मणिपुर पर चर्चा के लिए कामकाज निलंबित करने का नोटिस दिया है।

यह भी पढ़ें- मणिपुर की 'आयरन लेडी' इरोम शर्मिला ने बताई हिंसा की वजह, संघर्ष रोकने के उपायों पर भी की बात

संसद के बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों ने की नारेबाजी

सत्ता पक्ष के सदस्य महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास जुटे। उन्होंने राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और पश्चिम बंगाल में अपराध बढ़ने को लेकर नारेबाजी की। दूसरी ओर विपक्षी सांसदों ने भी सदन के बाहर मणिपुर हिंसा को लेकर नारेबाजी की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसपर जवाब मांगा।

यह भी पढ़ें- Manipur violence: फिर भड़की हिंसा, जमकर चली गोलियां, मिजोरम से मैतेई लोगों को किया जाएगा एयर लिफ्ट