अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सोमवार को 11 बजकर 40 मिनट पर अहमदाबाद पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर उनका स्वागत करने पहुंचेंगे। ट्रम्प ने रविवार को एयरफोर्स विमान से अमेरिका से उड़ान भरी।

नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सोमवार को 11 बजकर 40 मिनट पर अहमदाबाद पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर उनका स्वागत करने पहुंचेंगे। ट्रम्प ने रविवार को एयरफोर्स विमान से अमेरिका से उड़ान भरी। उड़ान भरने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके दोस्त हैं और पहली बार भारत में अमेरिकी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए इतनी ज्यादा तैयारी की गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

 खर्च से फायदे तक; क्या ट्रम्प के भारत दौरे के बारे में आप जानते हैं सब कुछ?

 1- कितना खर्च हो रहा है? 
A- सामचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, ट्रम्प के दौरे पर भारत सरकार 80 से 85 करोड़ रु खर्च कर रही है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि ट्रम्प के इस दौरे पर 100 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं।

2- कितना वक्त रुकेंगे ट्रम्प?
A- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प 24 फरवरी को 12 बजे भारत आएंगे। वे अगले दिन यानी 25 फरवरी को रात 10 बजे अमेरिका के लिए रवाना होंगे। यानी उनका यह दौरा करीब 36 घंटे का है।

3- कैसा है ट्रम्प का कार्यक्रम?
A- 24 फरवरी को ट्रम्प अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां पीएम मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर अगुआई करेंगे। यहां से वे मोटेरा स्टेडियम के लिए रवाना होंगे। स्टेडियम तक ट्रम्प और पीएम मोदी 22 किलोमीटर का रोड शो होगा। रास्ते में ट्रम्प और मेलानिया साबरमती आश्रम जाएंगे। 1:15 बजे ट्रम्प मोटेरा पहुंचेंगे। यहां वे नमस्ते ट्रम्प कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। 3:30 बजे आगरा के लिए रवाना होंगे। शाम 5 बजे वे ताजमहल का दीदार करेंगे। यहां से दिल्ली लौटेंगे और मौर्या होटल में रुकेंगे।

25 फरवरी को सुबह 10 बजे राष्ट्रपति भवन में ट्रम्प और मेलानिया का स्वागत होगा। 10.45 बजे ट्रम्प और मेलानिया राजघाट जाएंगे। इसके बाद 11.30 बजे दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। मेलानिया ट्रम्प दिल्ली स्थित सरकारी स्कूल के हैप्पीनेस क्लास का दौरा भी करेंगी। दोपहर 3 बजे ट्रम्प यूएस दूतावास जाएंगे। इसके बाद वे भारतीय उद्योगपतियों से बातचीत करेंगे। शाम 7 बजे वे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेंगे। रात 8 बजे राष्ट्रपति भवन में रात्रिभोज होगा। रात 10 बजे करीब ट्रम्प अमेरिका लौट जाएंगे।

4- कौन है कार्यक्रम का आयोजक?
A- विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया था कि 'डोनाल्ड ट्रम्प नागरिक अभिनंदन समिति' कार्यक्रम की आयोजक है। हालांकि, नागरिक अभिनंदन समिति के बारे में कोई बहुत अधिक जानकारी नहीं है। 

5- भारत को क्या फायदा होगा?
A- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के इस दौरे से भारत को कूटनीतिक फायदा तो होगा ही, इसके अलावा एफटीए, द्विपक्षीय कारोबार जैसे मामलों में भी भारत को लाभ मिलने की संभावना है।

6- कितने समझौते होंगे?
A- भारत और अमेरिका के बीच पांच मसलों पर सहयोग समझौते हो सकते हैं। इनमें आईपीआर, कारोबारी समन्वय और आंतरिक सुरक्षा के मसले शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा रक्षा, आतंकवाद से निपटने, इंडो-पेसेफिक क्षेत्र में मजबूत पकड़, एच1बी वीजा पर भी बात संभव है।

7- सुरक्षा की क्या व्यवस्था है?
A- अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प और प्रथम परिवार की सुरक्षा का पूरा जिम्मा अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के हवाले है। इन से सिर्फ भारतीय लायजनिंग अफसर संपर्क में रहेंगे। इस दौरान करीब 200 अमेरिकी कमांडो भी तैनात रहेंगे। दूसरा चक्र एनएसजी कमांडो का रहेगा। इसके बाद चेतक कमांडो, अर्धसैनिक बल और बाहरी चक्र में पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।

8- अब तक भारत में कितने अमेरिकी राष्ट्रपति आए?
A- ट्रम्प से पहले 6 अमेरिकी राष्ट्रपति भारत आ चुके हैं। हालांकि, ट्रम्प का यह पहला आधिकारिक दौरा है। डी.आइजनहावर (1959), रिचर्ड निक्सन (1969), जिमी कार्टर (1978), बिल क्लिंटन (2000), जॉर्ज डब्ल्यू बुश (2006), बराक ओबामा (2010 और 2015) भी पहले भारत आ चुके हैं।

9- क्या जनता को संबोधित करेंगे ट्रम्प?
A- ट्रम्प अहमदाबाद में मोटेरा स्टेडियम में 'नमस्ते ट्रम्प' कार्यक्रम में जनता को संबोधित करेंगे। 

10- ट्रम्प के साथ कौन कौन आ रहा है?
A- ट्रम्प के साथ उनकी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुश्नर भी आ रहे हैं। इसके आलावा ट्रम्प के साथ भारत में यूएस के राजदूत केनेथ जस्टर, वरिष्ठ सलाहकार स्टेफन मिलर, डिजिटल स्ट्रेटजी के वरिष्ठ सलाहकार डैन स्केविनो, कार्यकारी चीफ ऑफ स्टाफ मिक मुलवाने, मेलानिया की चीफ ऑफ स्टाफ लिंडसे रेनॉल्ड्स, अंतरराष्ट्रीय टेलिकम्यूनिकेशन पॉलिसी के विशेष प्रतिनिधि रॉबर्ट ब्लेयर, प्रेस सचिव स्टीफेनी ग्रीशम भी भारत आ रहे हैं।