आने वाले दिनों में मौसम करवट बदलता रहेगा। कई जिलों में मंगलवार को थोड़े बादल दिखे। वैज्ञानिक एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जता रहे हैं। देखा जाए तो पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क दिखा।

रांची। झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम करवट बदलता रहेगा। कई जिलों में मंगलवार को थोड़े बादल दिखे। वैज्ञानिक एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जता रहे हैं। मौसम के उतार चढाव से लोगों को सतर्क रहने की जरुरत है। देखा जाए तो पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क दिखा। पूरे राज्य में मौसम की विविधता का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि खूंटी में सबसे कम तापमान रिकार्ड किया गया। यहां तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा तो राज्य के चाईबासा इलाके का तापमान सबसे ज्यादा 32 डिग्री रहा। आइए जानते हैं कि आने वाले दिनों में राज्य का मौसम कैसा रहेगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से तापमान में गिरावट

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक कुछ इलाकों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तरी झारखंड के क्षेत्रों संताल परगना, हजारीबाग और पलामू संभाग में तापमान में कमी महसूस की जा सकती है। आने वाले दो-तीन दिनों में इस इलाके के तापमान में दो-चार डिग्री गिरावट दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के जाने की वजह से मौसम में ये बदलाव देखने को मिलेगा, उसकी वजह से ठंडी हवांए आएंगी और पारा नीचे गिरेगा।

अधिकांश इलाकों में देखने को मिलेंगे बादल

वैज्ञानिक अभिषेक आनन्द का कहना है कि मौसम के बदलाव का राज्य की राजधानी रांची और कोल्हान पर पर असर पड़ेगा। आने वाली दो फरवरी से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। उनका कहना है कि इसकी प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम है, जो डिप्रेशन के फेज में चल रहा है और बुधवार को इस डिप्रेशन के श्रीलंका के तट तक पहुंचने की संभावना है। इसकी वजह से झारखंड के अधिकांश इलाकों में बादल छाये दिखायी देंगे। झारखंड के मध्य और दक्षिणी इलाकों में बुधवार दोपहर तक बादल देखने को मिल सकते हैं।

तापमान में उतार चढाव

अभिषेक आनन्द का कहना है कि विक्षोभ के गुजरने के बाद राज्य के तापमान में तीन फरवरी के बाद बढोत्तरी दर्ज की जा सकती है। पूरे राज्य के तापमान में उतार चढाव, पश्चिमी विक्षोम की वजह से देखा जा रहा है। अंडमान सागर के पास बने डिप्रेशन की वजह से भी टेम्प्रेचर में बदलाव दिख रहे हैं। अगले पांच दिनों तक रांची व आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।