Mumbai News: मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य शहरों में जल्द शुरू होगी ई-बाइक टैक्सी सेवा। सस्ती और सुविधाजनक इस सेवा में किराया सिर्फ ₹30-₹40 हो सकता है। जानिए नए नियम।

Mumbai News: महाराष्ट्र सरकार ने आखिरकार राज्य में दोपहिया ई-बाइक टैक्सी सेवा को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय राज्य की बड़ी आबादी वाले शहरों में सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए लिया गया है। इस नई पहल से मुंबई समेत कई अन्य शहरों के यात्रियों को एक नया विकल्प मिलेगा, जिससे उन्हें लोकल ट्रेन, मेट्रो, बेस्ट बस, टैक्सी और ऑटो के साथ-साथ ई-बाइक टैक्सी की भी सुविधा मिलेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ई-बाइक टैक्सी का किराया कितना?

मंगलवार को महाराष्ट्र सरकार की मंत्रिमंडल बैठक में ई-बाइक टैक्सी सेवा को लागू करने पर चर्चा हुई। इसमें रामनाथ झा की अध्यक्षता में गठित समिति की सिफारिशों को स्वीकार करते हुए नई एग्रीगेटर नीति को लागू करने का निर्णय लिया गया। राज्य सरकार के अनुसार, अगले एक-दो महीनों में यह सेवा शुरू की जा सकती है। किराए को लेकर जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि जहां ऑटो रिक्शा में यात्रा करने के लिए यात्रियों को लगभग 100 रुपये चुकाने पड़ते हैं, वहीं ई-बाइक टैक्सी का किराया केवल 30 से 40 रुपये तक हो सकता है। हालांकि, किराए की दरें अभी तय नहीं हुई हैं।

बाइक टैक्सी सेवा के नियम क्या?

1. केवल इलेक्ट्रिक बाइक को मिलेगी अनुमति।

2. बाइक का रंग पीला होगा।

3. जीपीएस और ट्रैकिंग सिस्टम अनिवार्य।

4. चालक और यात्री के लिए बीमा अनिवार्य।

5. ड्राइवर के बैकग्राउंड की जांच होगी।

6. कम से कम 50 ई-बाइकों का बेड़ा जरूरी।

7. महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए खास नियम।

इलेक्ट्रिक बाइक टैक्सी से होंगे ये फायदे

1. सस्ता और किफायती विकल्प।

2. इको फ्रेंडली।

3. ट्रैफिक जाम से राहत।

4. रोजगार के अवसर।

5. मेट्रो, बस या टैक्सी की तुलना में ई-बाइक टैक्सी ज्यादा तेज होगी।

महिला यात्रियों के लिए विशेष सुरक्षा नियम

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने यह स्पष्ट किया है कि महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग से सुरक्षा मानकों को लागू किया जाएगा। इसके तहत दो यात्रियों के बीच विभाजन वाली बाइक ही उपयोग में लाई जाएगी।