पिछले कुछ दिनों से सोने की कीमतें आसमान छूने को बेताब हैं। यही वजह है कि गोल्ड 85000 रुपए प्रति 10 ग्राम से ऊपर पहुंच गया है।
Kiss Day पर अगर आप भी अपनी गर्लफ्रेंड को सोने का पेंडेंट गिफ्ट करना चाहते हैं तो पहले गोल्ड का रेट जरूर चेक कर लें। हफ्तेभर में ही सोना काफी महंगा हो चुका है।
इस साल यानी 1 जनवरी से अब तक 24 कैरेट शुद्ध सोना 9582 रुपए महंगा हो चुका है। 31 दिसंबर को सोना 76162 रुपए था, जो अब बढ़कर 85744 रुपए प्रति 10 ग्राम हो चुका है।
वहीं, 2024 में सोना 12810 रुपए महंगा हुआ। 1 जनवरी 2024 को 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 63352 रुपए थी, जो 31 दिसंबर तक बढ़कर 76162 रुपए पहुंच गई।
2024 में सोने ने 20.22% का रिटर्न दिया। वहीं, चांदी ने करीब 17% का रिटर्न दिया। 1 जनवरी को चांदी 73,395 रुपए प्रति किलो थी, जो 31 दिसंबर 2024 तक बढ़कर 86017 रुपए पहुंच गई।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस साल के आखिर तक सोने की कीमत 90 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम को पार कर सकती हैं। ऐसा सोने में बढ़ती डिमांड की वजह से होगा।
चांदी की बात करें तो 1 जनवरी, 2025 से अब तक यानी 43 दिनों में चांदी का भाव 9609 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर को चांदी 86017 रुपए थी, जो अब 95626 रुपए प्रति किलो पर है।
23 अक्टूबर 2024 को चांदी ऑल टाइम हाई पर थी। तब इसने 99151 रुपए प्रति किलो का स्तर छू लिया था। वहीं सोने का ऑलटाइम हाई 85903 रुपए है, जो इसने 11 फरवरी 2025 को बनाया।