कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई हो गई है। मंगेतर का नाम अवीवा बेग है। इसके बाद से ही लोग यह जानना चाहते हैं कि अवीवा बेग कौन हैं?
अवीवा बेग का जन्म, पालन-पोषण दिल्ली में हुआ है। शुरुआती पढ़ाई नई दिल्ली के मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा रोड से की। फिर ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म और कम्युनिकेशन डिग्री ली।
अवीवा बेग, रेहान वाड्रा की तरह ही प्रोफेशनल फोटोग्राफर हैं। वह आम जिंदगी के छोटे-छोटे पलों को बेहद सादगी और गहराई के साथ कैमरे में कैद करती हैं।
उनके फोटो एग्जीबिशन इंडिया आर्ट फेयर, मेथड गैलरी, द क्वोरम क्लब और इंडिया डिजाइन ID का हिस्सा रहे हैं। उनकी तस्वीरें देश और विदेश की कई मैगजीन और पब्लिकेशंस में भी छप चुकी हैं।
अवीवा सिर्फ फोटोग्राफर ही नहीं हैं, बल्कि वे Atelier 11 नाम की एक फोटोग्राफी और प्रोडक्शन कंपनी की सह-संस्थापक भी हैं। यह स्टूडियो भारत भर के क्लाइंट्स के साथ काम करता है।
अवीवा खेलों में भी आगे रही हैं। वे नेशनल लेवल पर फुटबॉल खेल चुकी हैं। ट्रैवलिंग का भी शौक है और जंगल, पहाड़ व रेगिस्तान जैसी जगहों पर घूमते हुए वे अपनी फोटोग्राफी करती रहती हैं।
अवीवा सामाजिक मुद्दों पर भी काम करती हैं और अपनी तस्वीरों के जरिए समाज में बदलाव लाने की कोशिश करती हैं। सोशल मीडिया पर भी रेहान कई बार अवीवा के काम को सपोर्ट करते नजर आए हैं।