हर साल चैत्र मास में वासंती नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इस बार ये पर्व 30 मार्च, रविवार से 6 अप्रैल, रविवार तक मनाया जाएगा। नवरात्रि से जुड़ी अनेक परंपराएं प्रचलित हैं।
बहुत से लोग नवरात्रि के दौरान अपने खान-पान में परिवर्तन करते हैं। जो लोग नवरात्रि का व्रत करते हैं या साधना करते हैं वे इस दौरान लहसुन-प्याज आदि चीजें खाना बंद कर देते हैं।
धर्म ग्रंथों में लहसुन-प्याज को तामसिक भोजन माना गया है। तामसिक यानी ऐसा भोजन जिसे खाने से मन में उत्तेजना और बुरे विचार आने की आशंका रहती है।
नवरात्रि के दौरान जो लोग व्रत और साधना करते हैं, उन्हें अपना मन शांत रखने के लिए सात्विक भोजन की जरूरत होती है। इसलिए वे इस दौरान लहसुन-प्याज का त्याग कर देते हैं।
ऐसी मान्यता है कि जो भी सब्जियां जमीन के अंदर पैदा होती है, उनमें सूक्ष्म जीव होते हैं, जो हमें दिखाई नहीं देते। इसलिए भी व्रत-साधना के दौरान इन चीजों का त्याग कर दिया जाता है।