अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) G-20 के शिखर सम्मेलन (G-20 Summit 2023) में शामिल होने सितंबर में भारत आएंगे।

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) सितंबर में भारत की यात्रा करने वाले हैं। वह दिल्ली में आयोजित G-20 के शिखर सम्मेलन (G-20 Summit 2023) में शामिल होंगे। बाइडेन प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा है कि साल 2024 भारत- अमेरिका संबंध के लिए बेहद अहम होगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बाइडेन प्रशासन में दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन सितंबर में भारत की यात्रा करने के लिए उत्सुक हैं। 2024 भारत-अमेरिका संबंध को आगे बढ़ाने के मामले में "बड़ा वर्ष" होने जा रहा है। डोनाल्ड लू ने कहा कि जी-20 में भारत का नेतृत्व दुनिया में अच्छाई की ताकत के रूप में खड़े होने की उसकी क्षमता को और बढ़ाता है।

भारत की यात्रा के लिए उत्सुक हैं राष्ट्रपति बाइडेन
डोनाल्ड लू ने कहा,"यह बड़ा साल होने वाला है। भारत जी-20 की मेजबानी कर रहा है। अमेरिका APEC की मेजबानी कर रहा है। जापान G7 की मेजबानी कर रहा है। QUAD के तीन सदस्य नेतृत्व की भूमिका निभा रहे हैं। यह हम सभी को अपने देशों को करीब लाने का अवसर प्रदान करता है। मुझे पता है कि हमारे राष्ट्रपति सितंबर में भारत की यात्रा के लिए उत्सुक हैं। जी-20 लीडर्स समिट के हिस्से के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी।"

G20 की अध्यक्षता कर रहा भारत
गौरतलब है कि भारत इस साल G20 की अध्यक्षता कर रहा है। G20 में 19 देशों और एक अंतरराष्ट्रीय संगठन (यूरोपीय संघ) शामिल हैं। इसमें अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किए, अमेरिका, यूके और यूरोपीय संघ शामिल हैं।

प्रगाढ़ हो रहे भारत-अमेरिका के रिश्ते
भारत और अमेरिका के रिश्ते पिछले कुछ सालों से प्रगाढ़ हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच रक्षा संबंध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। भारत ने अमेरिका से अपाचे और चिनूक जैसे हेलीकॉप्टर खरीदे हैं। भारत क्वाड का भी सदस्य है। इस संगठन में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।