Holika Dahan 2022: अमर होने हिरण्यकश्यप ने मांगे थे खास वरदान, लेकिन वो अपने पुत्र को क्यों मारना चाहता था?

धर्म ग्रंथों के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा (Falgun Purnima) को होलिका दहन (Holika Dahan 2022) किया जाता है। इस बार ये पर्व 17 मार्च, गुरुवार को है। इस पर्व से जुड़ी कई कथाएं प्रचलित हैं, लेकिन सबसे ज्यादा कथा जो इस त्योहार से जोड़ी जाती है वो है भक्त प्रह्लाद (Bhakta Prahlad) और हिरण्यकश्यप (Hiranyakashipu) की बहन होलिका (Holika) की।

Asianet News Hindi | Published : Mar 15, 2022 6:32 AM IST / Updated: Mar 15 2022, 12:19 PM IST

उज्जैन. हिरण्यकश्यप सतयुग में जन्मा एक दैत्य राजा था जो अति-पराक्रमी तथा शक्तिशाली था। उसका जन्म महर्षि कश्यप के कुल में हुआ  था। साथ ही उसको भगवान ब्रह्मा से विचित्र वरदान मिला था। भगवान ब्रह्मा से मिले इसी वरदान के कारण स्वयं नारायण को नृसिंह अवतार (Lord Narasimha) लेकर उसका वध करना पड़ा था। हिरण्यकश्यप का पुत्र प्रह्लाद विष्णु भक्त था जो उसकी मृत्यु के पश्चात उसका उत्तराधिकारी बना था। आज हम हिरण्यकश्यप और उसके पुत्र प्रह्लाद की कथा के बारे में जानेंगे।

ये भी पढ़ें- मीन राशि के सूर्य पर रहेगी शनि की टेढ़ी नजर, बढ़ सकती है कुछ लोगों की परेशानियां, सेहत पर भी होगा असर

देवताओं को शत्रु मानता था हिरण्यकश्यप 
हिरण्यकश्यप दैत्यों का राजा था। उसका भाई हिरण्याक्ष नामक राक्षस था, जिसे भगवान विष्णु ने वराह अवतार लेकर वध कर दिया था। इसलिए हिरण्यकश्यप उन्हें अपना दुश्मन मानता था। हिरण्यकश्यप विवाह का विवाह कयाधु नाम की स्त्री से हुआ था जिससे उसे प्रह्लाद नामक पुत्र की प्राप्ति हुई थी। जब हिरण्यकश्यप भगवान ब्रह्मा की तपस्या कर रहा था तो उस समय देवताओं ने उसकी नगरी पर आक्रमण करके वहां अपना शासन स्थापित कर लिया था। तब देवर्षि नारद मुनि ने कयाधु की रक्षा की थी और उसे अपने आश्रम में स्थान दिया। वहीं पर हिरण्यकश्यप के पुत्र प्रह्लाद का जन्म हुआ था। देवर्षि नारद मुनि की संगत में रहने के कारण वह विष्णु भगवान का भक्त बन गया था।

ये भी पढ़ें- Meen Sankranti 2022: सूर्य ने किया मीन राशि में प्रवेश, आज ऐसे करें सूर्यदेव की पूजा, ये है शुभ मुहूर्त

हिरण्यकश्यप ने ब्रह्मा से मांगा था ये वरदान
कई सालों तक तपस्या करने के बाद हिरण्यकश्यप को भगवान ब्रह्मा ने दर्शन दिए और वरदान मांगने को कहा। तब हिरण्यकश्यप ने वरदान मांगा कि “मेरी मृत्यु मनुष्य या पशु के हाथों न हो, न किसी अस्त्र-शस्त्र से, ना दिन व रात में, ना भवन के बाहर और ना ही अंदर, न भूमि ना आकाश में हो मेरी मृत्यु हो। ब्र्हमा ने उसे ये वरदान दे दिया। इस वरदान को पाकर वह अत्यंत शक्तिशाली हो गया था और उसने तीनों लोकों पर अपना अधिकार कर लिया।

ये भी पढ़ें- डायबिटिज या नींद न आने से हैं परेशान तो ये ग्रह हो सकता है कारण, इन उपायों से दूर हो सकती है आपकी परेशानी

जब प्रह्लाद बन गया विष्णु भक्त
ब्रह्मा से वरदान पाकर हिरण्यकश्यप का अत्याचार बढ़ गया। उसने अनेक अधर्म के कार्य किये और ऋषि-मुनियों की हत्याएं करवा दी। वह स्वयं को भगवान मानने के लिए लोगों को बाध्य करने लगा, लेकिन स्वयं उसका पुत्र प्रह्लाद विष्णु भक्ति में लीन रहता। जब ये बात हिरण्यकश्यप को पता चली तो उसने अपने पुत्र को धर्म के मार्ग से हटने के लिए समझाया, लेकिन प्रह्लाद नहीं माना। अंत में हिरण्यकश्यप ने अपने पुत्र को मारने का निर्णय लिया।

हिरण्यकश्यप ने किया अपने पुत्र को जलाने का प्रयास
हिरण्यकश्यप की बहन का नाम होलिका था। होलिका को भगवान ब्रह्मा से वरदान प्राप्त था कि उसे अग्नि जला नही सकती। इसी का लाभ उठाकर हिरण्यकश्यप ने होलिका को कहा कि वह प्रह्लाद को अपनी गोद में लेकर अग्नि में बैठ जाए ताकि प्रह्लाद वहां से भाग न सके और वह उसी अग्नि में जलकर ख़ाक हो जाए। होलिका ने ऐसा ही किया। लेकिन होलिका अग्नि में भस्म हो गई और प्रह्लाद बच गया।

भगवान नृसिंह ने किया हिरण्यकश्यप का वध 
प्रह्लाद की भक्ति से परेशान होकर एक दिन हिरण्यकश्यप ने उससे एक दिन पूछा कि ‘क्या तुम्हारा भगवान इस खंबे में भी है। प्रह्लाद ने कहा “हां”। हिरण्यकश्यप ने क्रोध में वह खंभा तोड़ डाला। तभी उसमें से भगवान विष्णु नरसिंह अवतार में प्रकट हुए। भगवान नरसिंह ने हिरण्यकश्यप को उसके भवन की चौखट पर ले जाकर, संध्या के समय, अपने गोद में रखकर नाखूनों की सहायता से उसका वध कर दिया। इस प्रकार भगवान विष्णु ने उसको मिले वरदान की काट ढूंढ़कर हिरण्यकश्यप का अंत किया तथा उसका उत्तराधिकारी भक्त प्रह्लाद को बनाया।

जानिए हिरण्यकश्यप के पूर्व और अगले जन्म की कथा 
धर्म ग्रंथों के अनुसार, अपने पूर्व जन्म में हिरण्यकश्यप तथा उसका छोटा भाई हिरण्याक्ष भगवान विष्णु के वैकुंठ धाम के प्रहरी थे जिनका नाम जय-विजय था। एक दिन उन्होंने भगवान ब्रह्मा के चार मानस पुत्रों का अपमान कर दिया, क्रोधित होकर उन्होंने जय-विजय को तीन जन्म तक असुर कुल में जन्म लेने का श्राप दिया। जब उन्होंने क्षमा याचना की थी मानस पुत्रों ने कहा कि उनका वध भगवान विष्णु के हाथों होगा। जय-विजय का अगला जन्म हिरण्यकश्यप तथा हिरण्याक्ष के रूप में हुआ। इसके बाद उनका जन्म महर्षि विश्रवा के कुल में रावण के रूप में हुआ, जो लंका का राजा था। और हिरण्याक्ष का जन्म उसके छोटे भाई कुंभकर्ण के रूप में हुआ था। इन दोनों का वध स्वयं भगवान विष्णु के ही अवतार श्रीराम के हाथों हुआ था।


ये भी पढ़ें-

14 मार्च से 14 मई तक रहेगी वसंत ऋतु, इसे क्यों कहते हैं ऋतुराज? ग्रंथों में बताई गई है इससे जुड़ी खास बातें


Holi 2022: होली से जुड़े ये 4 लाइफ मैनेजमेंट टिप्स जीवन में हर कदम पर आपके काम आएंगे

Holi 2022: 3 शुभ योगों के संयोग में होगा होलिका दहन, कम होगा बीमारी का संक्रमण, मंहगाई पर लगेगी रोक

Holi 2022: लड़की पान खाए तो समझो शादी के लिए है राजी, जानिए भगोरिया मेले से जुड़ी खास बातें
 

Share this article
click me!