
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने एक बड़ा ऐलान किया है। कंपनी का टारगेट है कि उसकी 75% बिक्री न्यू एनर्जी व्हीकल्स (NEV) से आए। NEV में सिर्फ इलेक्ट्रिक गाड़ियां (EV) ही नहीं, बल्कि प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) भी शामिल होंगी। अपने इस प्लान को पूरा करने के लिए, कंपनी 2026 की दूसरी तिमाही में एक प्लग-इन हाइब्रिड SUV लॉन्च करेगी। इसके बाद 2027 में नई पीढ़ी की Astor और ZS EV को बाजार में उतारा जाएगा। ऑटो कार इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, MG इन नई गाड़ियों के लिए मौजूदा प्लेटफॉर्म को बंद कर देगी और इन्हें नए मॉड्यूलर सिग्मा (SAIC Intelligent Global Modular Architecture) प्लेटफॉर्म पर बनाएगी।
अब सवाल उठता है कि ये सिग्मा प्लेटफॉर्म क्या है? दरअसल, इसे SAIC मोटर ने डेवलप किया है। यह एक बेहद फ्लेक्सिबल प्लेटफॉर्म है जो 9 अलग-अलग तरह के पावरट्रेन और 18 वेरिएंट्स को सपोर्ट कर सकता है। मतलब, इस एक ही प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग इंजन और बॉडी स्टाइल वाली गाड़ियां बन सकती हैं। इसमें 100 से ज्यादा मॉड्यूलर पार्ट्स हैं, जिससे गाड़ी के अंदर ज्यादा आरामदायक केबिन स्पेस मिलता है।
यह प्लेटफॉर्म 5G कनेक्टिविटी, गीगाबिट ईथरनेट, CAN FD कम्युनिकेशन, मल्टी-डोमेन कंट्रोलर सपोर्ट, OTA (ओवर-द-एयर) अपडेट्स और कनेक्टेड कार जैसे एडवांस्ड फीचर्स को भी सपोर्ट करता है। MG One कॉम्पैक्ट SUV इस प्लेटफॉर्म पर बनने वाली पहली गाड़ी है। हालांकि, नई Astor और ZS EV कैसी होंगी, इसकी ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन उम्मीद है कि इनमें नया डिजाइन, प्रीमियम इंटीरियर और कई पावरट्रेन ऑप्शन मिलेंगे।
इस बीच, JSW MG मोटर इंडिया 560 कोडनेम वाली नई एमजी स्टारलाइट 560 एसयूवी के साथ प्लग-इन हाइब्रिड सेगमेंट में भी एंट्री करने की तैयारी में है। यह गाड़ी चीन में बिकने वाली Wuling Starlight 560 पर आधारित होगी, जिसकी लंबाई 4,745 mm, चौड़ाई 1,850 mm और ऊंचाई 1,755 mm है।
चुनिंदा ग्लोबल मार्केट में, Starlight 560 में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन (106bhp/130Nm) के साथ फ्रंट-एक्सल पर लगी 20.5kWh की बैटरी पैक दी गई है। यह सेटअप मिलकर 197bhp की पावर और 230Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। Wuling Starlight 560 कुल 1,100 किलोमीटर की रेंज और 100 किलोमीटर की प्योर इलेक्ट्रिक रेंज का दावा करती है। यह कार 9.7 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 170 किमी/घंटा है। लॉन्च होने पर, एमजी स्टारलाइट 560 का मुकाबला महिंद्रा XUV 7XO और टाटा सफारी से होगा।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।