तेजस्वी के अलावा कन्हैया भी विपक्ष का बड़ा चेहरा, बिहार की सियासत में छोटे दलों की ओर से ऐसे हैं स्टार कैम्पेनर

बीजेपी, जेडीयू, आरजेडी, कांग्रेस, एलजेपी, हम और वामपंथी पार्टियों ने स्टार कैम्पेनर का नाम फाइनल कर लिया है। गाइडलाइन में मिली छूट के बाद दलों के प्रचार की स्टाइल बदल गई है। 

Asianet News Hindi | Published : Oct 12, 2020 5:55 AM IST

पटना। बिहार चुनाव (Bihar Polls) के लिए लगभग सभी अहम दलों ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। पहले फेज के मतदान में अब 16 दिनों का वक्त बचा है। उससे पहले ही बीजेपी, जेडीयू, आरजेडी, कांग्रेस, एलजेपी, हम और वामपंथी पार्टियों ने स्टार कैम्पेनर का नाम फाइनल कर लिया है। गाइडलाइन में मिली छूट के बाद दलों के प्रचार की स्टाइल बदल गई है। गया में बीजेपी प्रेसिडेंट जेपी नड्डा (JP Nadda) की रैली से पार्टी के जनसभाओं का दौर शुरू हो गया है। आज डिप्टी सीएम सुशील मोदी (Sushil Modi) दो जनसभाएं कर रहे हैं। आरजेडी ने भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) को लेकर जनसभाओं का खांका तैयार कर लिया गया है। एक दिन बाद उनकी जनसभा है। 

JDU के स्टार प्रचारकों में 7 मुस्लिम चेहरे 
जेडीयू ने स्टार प्रचारकों की जो लिस्ट चुनाव आयोग को सौंपी है उसमें सबसे बड़ा चेहरा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) का है। लिस्ट में सात मुस्लिम चेहरों को भी जगह दी गई। लिस्ट में नीतीश के अलावा पार्टी सांसद ललन सिंह, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, मंत्री अशोक चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी और संजय झा जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। जेडीयू एनडीए में शामिल सबसे बड़ा दल है। 

एलजेपी की लिस्ट में कौन? 
चिराग पासवान (Chirag Paswan) की एलजेपी इस बार अकेले बिहार में चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने 29 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इसमें पार्टी संस्थापक रामविलास पासवान का भी नाम था जो नई सूची से हटा दी गई है। अब पार्टी के सबसे बड़े कैम्पेनर चिराग पासवान हैं। चिराग के अलावा सांसद पशुपति कुमार पारस, प्रिंस राज, महबूब अली कैसर, वीणा देवी, चंदन सिंह, पूर्व सांसद सूरजभान और काली प्रसाद पांडेय आदि स्टार प्रचारक हैं।
 

वामपंथी दलों का स्टार कौन?
राज्य की तीन बड़ी वामपंथी पार्टियां इस बार महागठबंधन में शामिल होकर चुनाव लड़ रही हैं। भाकपा और माकपा ने भी चुनाव आयोग को स्टार कैम्पेनर की लिस्ट सौंप दी है। भाकपा से जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार स्टार प्रचारक हैं। जबकि माकपा की ओर से सीताराम येचूरी बड़े नाम हैं। भाकपा के 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में कन्हैया के अलावा पार्टी के महासचिव डी राजा, रामनरेश पांडे, अतुल कुमार अनजान और एनी राजा जैसे नेता शामिल हैं। जबकि माकपा की लिस्ट में येचुरी के अलावा हन्नान मोल्ला, एसआर पिल्लई, बृंदा करात, मोहम्मद सलीम, अवधेश कुमार, रामाश्रय  और रामपरी जैसे चेहरे शामिल हैं। 

मांझी के दल की ओर से ये हैं बड़े चेहरे 
एनडीए में शामिल हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (Ham) ने 15 स्टार प्रचारकों की लिस्ट आयोग को सौंपी है। हम की लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के अलावा रामेश्वर प्रसाद यादव, संतोष कुमार सुमन, भागवत लाल बैश्यंत्री, राजेश पांडे और डॉ. दानिश रिजवान जैसे चेहरे शामिल हैं। इस बार आयोग ने राष्ट्रीय दलों को 30 और क्षेत्रीय दलों को सिर्फ 15 स्टार प्रचारक बनाने की अनुमति दी है। 

तेजस्वी ही आरजेडी का सबसे बड़ा चेहरा 
लालू यादव (Lalu Yadav) की आरजेडी की ओर से तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) सबसे बड़ा चेहरा हैं। पार्टी के स्टार प्रचारकों में अकेले 4 नेता लालू परिवार से हैं। लालू परिवार से राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव और मीसा भारती के अलावा जगदानंद सिंह, शिवानंद तिवारी, रामचंद्र पूर्वे, जेपी नारायण और मनोज कुमार झा लिस्ट में शामिल बड़े नाम हैं। तेजस्वी मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी हैं।  

कांग्रेस में राहुल-प्रियंका की जोड़ी पर नजर 
कांग्रेस ने पहले ही स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी थी। लिस्ट में सबका आकर्षण राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की जोड़ी है। लिस्ट में कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी का भी नाम है। गांधी परिवार के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ पूर्व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद और बिहार के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल जैसे चेहरे शामिल हैं। बताते चलें कि बीजेपी की लिस्ट में बिहार के नेताओं के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे बड़ा चेहरा हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लिस्ट में शामिल हैं। 

Share this article
click me!