शूटिंग के लिए मुंबई से बिहार आए फिल्मी सितारों के साथ मारपीट, एक्ट्रेस बेहोश; ले जाना पड़ा अस्पताल

क्रू में शामिल लोगों ने बताया कि स्थानीय सुशील सिंह और सिंटू सिंह स्कूल में पहुंच कर यूनिट की लड़कियों का वीडियो बना रहा था। विरोध करने पर मारपीट की गई। यूनिट की महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की।

Asianet News Hindi | Published : May 7, 2020 9:23 AM IST

सुपौल। फिल्म की शूटिंग के लिए मुंबई से बिहार आए कलाकारों के साथ-साथ क्रू मेंबर लॉकडाउन लगने के बाद बिहार में ही फंस गए। लॉकडाउन के कारण फिल्म की शूटिंग भी रुक गई। लेकिन एक्टर-एक्ट्रेस के साथ-साथ अन्य सहयोगी वापस मुंबई नहीं जा सके। सभी लोग बिहार के एक स्कूल में डेरा डाले हैं। इस बीच स्थानीय लोगों ने फिल्मी सितारों के साथ-साथ क्रू में शामिल लोगों के साथ धक्का-मुक्की की। घटना देखकर फिल्म एक्ट्रेस की हालत बिगड़ गई। साथी लोग एक्ट्रेस को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे जहां से डॉक्टरों ने प्रारंभिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। 

इश्क दीवाना की चल रही थी शूटिंग
मिली जानकारी के अनुसार फिल्म इश्क दीवाना की शूटिंग सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के रतौली गांव में हो रही थी। शूटिंग के लिए 65 लोगों की टीम रतौली पहुंची थी। लॉकडाउन के कारण जब शूटिंग बंद हुआ तो कई क्रू मेंबर वापस लौट गए। लेकिन कई यहीं फंस गए। उन्होंने गांव के लिए एक स्कूल में शरण लिए हुए हैं। 

धक्का-मुक्की की घटना के बारे में क्रू में शामिल लोगों ने बताया कि स्थानीय सुशील सिंह और सिंटू सिंह स्कूल में पहुंच कर यूनिट की लड़कियों का वीडियो बना रहा था। विरोध करने पर मारपीट की गई। यूनिट की महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की। फिल्म के डायरेक्टर और एक्टर मनोज आर पांडे बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई।

मेरे प्यार से मिला दे फिल्म में कर चुकी हैं काम
ये सब देख रही फिल्म की एक्ट्रेस प्राची सिंह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। जिसके बाद यूनिट में शामिल लोग उसे आनन-फानन में इलाज कराने पीपरा पीएचसी पहुंचे। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। स्थानीय पुलिस ने बताया कि शिकायत मिली है। छानबीन जारी है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों के इस व्यवहार से फिल्म की यूनिट में शामिल लोगों में डर का माहौल है। बेहोश होने वाली एक्ट्रेस प्राची सिंह मुंबई की रहने वाली है। इससे पहले वो मेरे प्यार से मिला दे में काम कर चुकी हैं। 

Share this article
click me!