
मुंबई। हाल ही में रणबीर कपूर, संजय लीला भंसाली, मनोज बाजपेयी और आशीष विद्यार्थी के बाद अब एक और सेलेब कोरोना संक्रमित हो गया है। फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' में काम कर चुकीं एक्ट्रेस तारा सुतारिया (Tara Sutaria) की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। तारा ने हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म 'तड़प' की शूटिंग खत्म की है। मिलन लुथरिया के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में सुनील शेट्टी के बेटे अहान भी काम कर रहे हैं। यह फिल्म इसी साल सितंबर में रिलीज होनी है।
बता दें कि तारा से पहले आशीष विद्यार्थी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। वे दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया है कि उनका टेस्ट पॉजिटिव आया है। आशीष ने उन लोगों से टेस्ट कराने की अपील की है जो इस दौरान उनके टच में आए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली के अस्पताल में अपना टेस्ट करवाया था। वे इस वक्त दिल्ली स्थित साकेत के मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं।
इससे पहले 9 मार्च को खबर आई कि रणबीर कपूर कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उसके बाद पता चला कि फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली को भी कोरोना हो गया। वहीं 12 मार्च को मनोज बाजपेयी के भी कोरोना पॉजिटिव होने की खबर आई। बता दें कि इससे पहले रणबीर कपूर की मां नीतू कपूर भी कोरोना की चपेट में आ चुकी हैं। हालांकि नीतू ने जल्द ही कोरोना को मात दे दी थी।
अब तक इन सेलेब्स को हो चुका कोरोना :
बॉलीवुड में अब तक कई सेलेब्स कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें बच्चन फैमिली से अमिताभ, अभिषेक, ऐश्वर्या और आराध्या के अलावा अर्जुन कपूर, मलाइका अरोड़ा वरुण धवन, कृति सेनन, कनिका कपूर, किरण कुमार, जोया मोरानी मोहिना सिंह समेत कई सेलेब्स शामिल हैं। हालांकि ये सभी कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।