
मुंबई. अयोध्या में 5 अगस्त को राम मंदिर के लिए होने वाले भूमि पूजन की तैयारियां जोरों पर है। वहां पर लोगों की सुरक्षा से लेकर तमाम इंतेजाम किए गए हैं। राम मंदिर का शिलान्यास करने के लिए पीएम मोदी को आमंत्रित किया गया है। 5 अगस्त देशभर के लोगों के लिए ऐतिहासिक दिन होने वाला है। लोगों की ये खुशी लाजमी है क्योंकि 500 साल के लंबे संघर्ष के बाद ये शुभ घड़ी आ ही गई है। इस शुभ अवसर पर सीरीयल रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले एक्टर अरुण गोविल ने भी अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने रामभक्तों को नमन करते हुए ट्वीट किया है।
अरुण ने ट्वीट में कही ये बात
अरुण ने अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन को लेकर ट्वीट किया और उसमें लिखा, 'अयोध्या में राम मंदिर के लिए सालों तक लगातार संघर्ष करने वाले वरिष्ठजन और आगे उस लड़ाई को भूमिपूजन तक लेकर आने वाले सभी रामभक्तों को मेरा कोटि कोटि नमन। आप सबके महान प्रयासों से ही हमें ये दिन देखने का सौभाग्य मिल रहा है। जय श्रीराम'।
इससे पहले भी उन्होंने एक ट्वीट किया था। इसमें अरुण ने राम मंदिर के शिलान्यास पर बात की थी। उन्होंने लिखा था, 'भगवान श्रीराम के मंदिर के शिलान्यास की प्रतीक्षा समस्त मानव जाति कर रही है। अयोध्या में भूमि पूजन के साथ ही एक दिव्य युग का शुभारंभ हो जाएगा। जय श्रीराम'।
बता दें, अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन बुधवार यानी 5 अगस्त को होगा। इसके लिए पूरी अयोध्या नगरी सज धज कर तैयार है। हर घर में पाठ हो रहा है, दीपोत्सव हो रहा है। देश के हर एक नागरिक से लेकर नेता और सेलेब्रिटी तक इस मंदिर पूजन के शुभ मुहूर्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
जब टीवी पर दोबारा राम बनकर आए अरुण गोविल
वहीं अगर बात की जाए एक्टर अरुण गोविल की तो उन्हें 'रामायण' में राम के किरदार में देखा गया था। लॉकडाउन के दौरान जब दूरदर्शन पर रामानंद सागर के सीरियल रामायण का दोबारा प्रसारण हुआ, तब शो की पूरी कास्ट एक बार फिर चर्चा में आ गई थी। अरुण गोविल को लोगों का ढेर सारा प्यार भरा संदेश मिला और उन्होंने भी लोगों को इस मान-सम्मान के लिए धन्यवाद दिया। इसके साथ ही इस दौरान उन्होंने भी शूटिंग के दौरान के किस्से फैंस के साथ शेयर किए थे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।