
Adani-Bangladesh Power Payment Dispute: बांग्लादेश में चुनाव से ठीक पहले एक बड़ा आर्थिक मुद्दा चर्चा में आ गया है। भारत के अडानी ग्रुप और बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड (PDB) के बीच चल रहा भुगतान विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। अडानी ग्रुप ने साफ शब्दों में बकाया रकम की मांग की है और यह भी कहा है कि अगर भुगतान नहीं हुआ तो बिजली सप्लाई पर असर पड़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 29 जनवरी को अडानी पावर लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट अविनाश अनुराग ने बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन को एक आधिकारिक पत्र भेजा। इस पत्र में कहा गया है कि पावर प्लांट को सामान्य रूप से चलाने के लिए 112.7 मिलियन डॉलर (करीब 1,000 करोड़ रुपए) का भुगतान तुरंत किया जाना जरूरी है। अडानी ग्रुप का कहना है कि लगातार बढ़ते बकाया के चलते पावर प्लांट के संचालन पर भारी दबाव बन रहा है।
अडानी की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि कुल बकाया राशि दो हिस्सों में है। पहला हिस्सा 53.2 मिलियन डॉलर का है, जो पिछले साल जून तक की बिजली सप्लाई से जुड़ा है। दूसरा हिस्सा 59.6 मिलियन डॉलर का है, जो अक्टूबर तक दी गई बिजली सेवाओं का भुगतान है। कंपनी का दावा है कि बार-बार याद दिलाने के बावजूद बांग्लादेश पावर बोर्ड इस रकम का भुगतान नहीं कर पाया।
अडानी ग्रुप ने पत्र में साफ चेतावनी दी है कि अगर बकाया भुगतान नहीं हुआ, तो बिजली उत्पादन, मेंटेनेंस और पावर प्लांट से जुड़े पार्टनर्स को दिक्कत हो सकती है। इसका सीधा असर बिजली सप्लाई पर पड़ सकता है। यह पहली बार नहीं है जब अडानी ग्रुप ने इस तरह की चेतावनी दी हो। पिछले साल भी कंपनी ने PDB को पत्र भेजकर 10 नवंबर तक भुगतान की डेडलाइन दी थी। तब साफ कहा गया था कि अगर पैसा नहीं मिला तो 11 नवंबर से बिजली सप्लाई रोकी जा सकती है। इसके बाद बांग्लादेश ने नवंबर में करीब 100 मिलियन डॉलर का भुगतान किया था, लेकिन दिसंबर से बकाया रकम फिर बढ़ने लगी। अब एक बार फिर वही स्थिति बनती दिख रही है।
बांग्लादेश में 12 फरवरी को संसदीय चुनाव होने हैं और उसी दिन एक जनमत संग्रह भी प्रस्तावित है। चुनाव से पहले ही देश का राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। BNP और जमात-ए-इस्लामी समेत कई दल पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुटे हैं, जबकि शेख हसीना की अवामी लीग पर बैन लगा हुआ है। ऐसे समय में बिजली सप्लाई और विदेशी कंपनियों के बकाया जैसे मुद्दे सीधे सरकार की आर्थिक स्थिति पर सवाल खड़े करते हैं।
इसे भी पढ़ें- आंख दिखाने वाले बांग्लादेश की उड़ी हवाएं, भारत के इस कदम से अब होगा पछतावा । Budget 2026 Update
इसे भी पढ़ें- 'खून से सना' बांग्लादेश बर्बादी की कगार पर, यूनुस सत्ता का भूखा-गद्दार
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।