Asianet News | Published : Jan 31, 2024 1:10 PM IST / Updated: Feb 02 2024, 10:08 AM IST

Budget 2024: इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं, मालदीव की सहायता में 22% कमी, मिलेगा 600 करोड़ रुपए

सार

Budget 2024 Live: 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट पेश किया। बजट में बड़ी घोषणाएं करने से परहेज की गई। इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं किया गया। अगले 5 साल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से अतिरिक्त 2 करोड़ घर बनाने का लक्ष्य रखा गया। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सरकार 9-14 साल की लड़कियों का मुफ्ट टीकाकरण कराएगी।

10:08 AM (IST) Feb 02

मालदीव की सहायता हुई कम

अंतरिम बजट (Interim Budget 2024) में दूसरे देशों को दी जाने वाली सहायता में 10 प्रतिशत की कटौती की गई है। भारत ने मालदीव को दी जाने वाली सहायता 22 फीसदी कम की है। भारत मालदीव को विकास में मदद के लिए 600 करोड़ रुपए देगा। वित्त वर्ष 2023-24 में मालदीव को 770.90 करोड़ रुपए की मदद दी गई थी।

 

10:32 PM (IST) Feb 01

विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने में करेगा मदद

त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा ने केंद्रीय अंतरिम बजट पर कहा कि बजट ऐसा है जो 2047 तक पीएम मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करेगा। मैं 'गारंटी बजट' पेश करने के लिए पीएम मोदी और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देना चाहता हूं।

07:09 PM (IST) Feb 01

बजट हमारे फाइनेंस की विवेकपूर्ण और राजकोषीय शुद्धता के साथ प्लानिंग करने का एक अवसर

महिन्द्रा एंड महिन्द्रा ग्रुप के प्रमुख आनंद महिन्द्रा ने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा- कई सालों से मैं कहता रहा हूं कि हम बजट के इर्द-गिर्द बहुत ज्यादा नाटक रचते हैं और नीतिगत घोषणाओं की अपेक्षाओं को अवास्तविक रूप से उग्र स्तर तक बढ़ा देते हैं। बजट आवश्यक रूप से परिवर्तनकारी नीतिगत घोषणाओं का अवसर नहीं है। ये पूरे साल हो सकती हैं और होनी भी चाहिए। बजट हमारे फाइनेंस की विवेकपूर्ण और राजकोषीय शुद्धता के साथ प्लानिंग करने का एक अवसर है। हम जितना ज्यादा अपने साधनों के भीतर रहने और एक मजबूत लेकिन टिकाऊ भविष्य के लिए निवेश करने पर फोकस करेंगे, उतना ही अधिक हम ग्लोबल इन्वेस्टर्स के साथ भरोसा हासिल कर पाएंगे। यही वजह है कि मैं आज के बजट से बहुत खुश हूं।

03:44 PM (IST) Feb 01

रक्षा मंत्रालय को मिला है 6.21 लाख करोड़ रुपए

अंतरिम बजट में रक्षा मंत्रालय को 6.21 लाख करोड़ रुपए का फंड मिला है। पिछले साल 5.94 लाख करोड़ रुपए का फंड मिला था। इस तरह 4.5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। रक्षा बलों को पूंजीगत बजट के तहत आधुनिकीकरण के लिए 10,000 करोड़ रुपए अधिक मिले हैं। 2024-25 के लिए यह आवंटन 1.72 लाख करोड़ रुपए है। पिछले साल 1.62 लाख करोड़ रुपए था।

 

02:41 PM (IST) Feb 01

जेपी नड्डा ने कहा- यह है दूरदर्शी बजट

अंतरिम बजट पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यह दूरदर्शी बजट है। इसने विकसित भारत की नींव रखी है। मध्यम वर्ग के लिए घोषित आवास योजना एक क्रांतिकारी कदम है। लखपति दीदी का लक्ष्य बढ़ाकर 3 करोड़ कर दिया गया है।

 

01:24 PM (IST) Feb 01

पीएम बोले यह देश के भविष्य के निर्माण का बजट है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पेश किया गया अंतरिम बजट विकसित भारत के चार स्तंभ युवा, गरीब, महिला और किसान सभी को एम्पावर करेगा। निर्मला जी का यह बजट देश के भविष्य के निर्माण का बजट है। इस बजट में 2047 के विकसित भारत के नींव को मजबूत करने की गारंटी है। मैं निर्मला जी और उनकी टीम को बहुत- बहुत बधाई देता हूं।

12:33 PM (IST) Feb 01

राजनाथ सिंह बोले- उत्साहवर्धक है अंतरिम बजट

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “अंतरिम बजट बहुत ही उत्साहवर्धक है। आगे के लिए भी आशाएं और अधिक बढ़ती हैं। भारत की इकोनॉमी की साइज 2027 तक बढ़कर 5 ट्रिलियन डॉलर से अधिक तक जाएगी। 2030 आते-आते यह 7 ट्रिलियन डॉलर से अधिक तक पहुंचेगी।”

12:27 PM (IST) Feb 01

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा बढ़ रहा बजट घाटा

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने अंतरिम बजट 2024 पर प्रतिक्रिया देते हुए बजट घाटे पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बजट घाटा 18 लाख करोड़ रुपए हो गया है। सरकार अपने खर्च के लिए उधार ले रही है। अगले साल यह संख्या और बढ़ने वाली है। यह चिंता की बात है।

 

12:22 PM (IST) Feb 01

5 साल में बनेंगे 2 करोड़ घर

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) 3 करोड़ आवास के लक्ष्य को प्राप्त करने के करीब है। अगले 5 साल में अतिरिक्त 2 करोड़ आवास का लक्ष्य है। अपना घर खरीदने या बनाने के लिए मध्यम वर्ग को प्रोत्साहित करने के लिए मध्यम वर्ग आवास योजना शुरू की जाएगी।

12:11 PM (IST) Feb 01

राज्य सरकारों को मिलेगा ब्याज मुक्त लोन

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए राज्य में कई विकास और विकास-सक्षम सुधारों की आवश्यकता है। राज्य सरकारों को विकास कार्यों के लिए 75 हजार करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा।

12:09 PM (IST) Feb 01

2014 से 2023 तक रहा FDI प्रवाह का स्वर्ण युग

वित्त मंत्री ने कहा कि 2014 से 2023 के दौरान FDI प्रवाह 596 बिलियन अमेरिकी डॉलर था। यह एक स्वर्ण युग का प्रतीक है। यह 2005 से 2014 के बीच FDI प्रवाह का दोगुना था। FDI बढ़ाने के लिए हम विदेशी साझेदारों के साथ द्विपक्षीय निवेश संधियों पर बातचीत कर रहे हैं।

 

12:05 PM (IST) Feb 01

कॉरपोरेट टैक्स घटा

कॉरपोरेट टैक्स घटाकर 22 फीसदी किया गया है। स्टार्टअप के लिए टैक्स छूट 1 साल के लिए बढ़ाई गई है। 10 साल में अर्थव्यवस्था को सुधारने पर जोर है।

 

11:59 AM (IST) Feb 01

इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं

आयकरदाताओं को फिलहाल राहत नहीं मिली है। पूरे टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अंतरिम बजट में बड़ी घोषणाएं करने से परहेज किया गया है।

 

11:53 AM (IST) Feb 01

जुलाई में पेश करेंगे विकसित भारत का रोड मैप

वित्त मंत्री ने कहा कि जुलाई में पूर्ण बजट में विकसित भारत का रोड मैप पेश करेंगे। 2014 से पहले के दौर से उबर गए हैं। राजकोषीय घाटा GDP का 5.8 फीसदी रहने का अनुमान है। 2025-26 तक घाटा और कम करेंगे। 2025 तक राजकोषीय घाटा 4.5 फीसदी तक ले जाने की उम्मीद है। 10 साल में कर संग्रह 3 गुना बढ़ा है।

 

11:46 AM (IST) Feb 01

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा

निर्मला सीतारमण ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। लक्षद्वीप में नई परियोजनाएं शुरू होंगी। पर्यटन के क्षेत्र में विदेशी निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा। पर्यटन केंद्रों के लिए राज्यों को ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा।

 

11:43 AM (IST) Feb 01

ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा दे रही सरकार

निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा दे रही है। ई वाहन के निर्माण को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। चार्जिंग स्टेशनों को बढ़ाने पर काम हो रहा है। पवन ऊर्जा के विकास पर काम हो रहा है।

 

11:41 AM (IST) Feb 01

तीन रेल कॉरिडोर शुरू किए जाएंगे

वित्त मंत्री ने कहा कि पीएम गति शक्ति योजना के तहत तीन रेल कॉरिडोर शुरू किए जाएंगे। इससे आर्थिक विकास होगा। मालभाड़े में कमी आएगी। यात्री ट्रेनों के परिचालन में सुधार किया जाएगा। यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर 149 हुई है।

 

11:39 AM (IST) Feb 01

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए शुरू करेंगे नई योजनाएं

मंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाने के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएगीं। नए क्षेत्रों में अनुसंधान को बढ़ावा देंगे। युवा शक्ति प्रोद्योगिकी की योजना बनेगी। नए मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए कमेटी बनेगी।

 

11:35 AM (IST) Feb 01

तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे

मंत्री ने कहा कि एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। 9 करोड़ महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है। लखपति दीदी योजना से आत्मनिर्भरता बढ़ी है। तीन करोड़ और महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे।

 

11:29 AM (IST) Feb 01

सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण को बढ़ावा देगी सरकार

मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार टीकाकरण को बढ़ावा देगी। 9-14 साल की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर का टीका मुफ्त लगाया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यक्रमों में तेजी लाई जाएगी। नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।

 

11:27 AM (IST) Feb 01

1 करोड़ घरों की छतों पर सोलर लगाए जाएंगे

निर्मला सीतारमण ने कहा कि 1 करोड़ घरों की छतों पर सोलर लगाए जाएंगे। इससे 300 यूनिट बिजली हर महीने मुफ्त मिलेगी। पूर्वी क्षेत्र के विकास पर हमारी सरकार का ध्यान है।

 

11:24 AM (IST) Feb 01

समावेशी विकास को बढ़ावा देगी सरकार

मंत्री ने कहा कि सरकार अगली पीढ़ी के लिए सुधार कर रही है। इसके लिए राज्यों के साथ सहमति बनाई जाएगी। हमारी सरकार समावेशी विकास को बढ़ावा देगी। परफॉर्म, रिफॉर्म और ट्रांसफॉर्म पर हम काम कर रहे हैं।

 

11:22 AM (IST) Feb 01

विश्व शक्ति के रूप में उभर रहा भारत

मंत्री ने कहा कि भारत विश्व शक्ति के रूप में उभर रहा है। इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप कॉरिडोर से ग्लोबल आर्थिक विकास को मदद मिलेगी। अगले पांच साल में अभूतपूर्व विकास होगा। यह 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने कि दिशा में देश को बढ़ाएगा।

 

11:19 AM (IST) Feb 01

लोगों की आमदनी बढ़ी

निर्मला सीतारमण ने कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था अच्छा काम कर रही है। भविष्य के लिए लोगों की उम्मीद बढ़ी है। समावेशी विकास के लिए काम हो रह है। जीएसटी की वजह से एक राष्ट्र, एक बाजार और एक कर की बात हुई है। रिकॉर्ड समय में इन्फ्रास्ट्रक्चर का काम हो रहा है। ज्यादा लोगों को सरकारी कर्ज मिल रहे हैं। लोगों की आमदनी बढ़ी है, महंगाई ज्यादा नहीं बढ़ी है।

 

11:16 AM (IST) Feb 01

1.4 करोड़ युवाओं को मिली ट्रेनिंग

मंत्री ने कहा कि स्किल इंडिया मिशन में 1.4 करोड़ युवाओं को ट्रेनिंग दी गई। हमने 390 यूनिवर्सिटी की स्थापना की है। महिलाएं उच्च शिक्षा में ज्यादा से ज्यादा भाग ले रही हैं।

 

11:13 AM (IST) Feb 01

11.8 करोड़ किसानों को मिल रही मदद

वित्त मंत्री ने कहा कि 11.8 करोड़ किसानों को सरकारी मदद मिल रही है। चार करोड़ किसानों को पीएम फसल योजना से मदद मिली है। युवाओं को सशक्त करना हमारी सरकार का मकसद है।

 

11:10 AM (IST) Feb 01

25 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला

मंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय हमारी सरकार का मॉडल है। गरीब,महिला,युवा और किसान के कल्याण पर हमारी सरकार का फोकस है। भ्रष्टाचार और भाई-भतीजाबाद खत्म किया है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला है।

 

11:08 AM (IST) Feb 01

80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया

निर्मला सीतारमण ने कहा कि हमने सभी के लिए आवास, हर घर नल का जल और रसोई गैस की सुविधा दी। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन पहुंचाया। ग्रामीण क्षेत्र में लोगों की आय बढ़ी है। देश को नई दिशा और उम्मीद मिली है। पीएम के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। देश को 2047 तक विकसित बनाएंगे।

 

11:05 AM (IST) Feb 01

10 सालों में तेजी से बढ़ी अर्थव्यवस्था

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि पिछले 10 सालों में अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है। सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। रोजगार के अवसर बढ़े हैं। अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव दिख रहे हैं।

 

11:02 AM (IST) Feb 01

संसद की कार्यवाही शुरू

सुबह 11 बजे से संसद की कार्यवाही शुरू हो गई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण शुरू कर दिया है।

 

10:58 AM (IST) Feb 01

अंतरिम बजट को कैबिनेट ने दी मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार सुबह हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में अंतरिम बजट को मंजूरी दे दी गई है।

 

10:41 AM (IST) Feb 01

बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति से मिलीं निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलीं। उनके साथ वित्त राज्य मंत्री डॉ भागवत किशनराव कराड और पंकज चौधरी व वित्त मंत्रालय के सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे।

10:05 AM (IST) Feb 01

बजट टैबलेट लेकर संसद पहुंचीं निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट टैबलेट लेकर संसद पहुंचीं हैं। वह 11 बजे से अंतरिम बजट पेश करेंगी। संसद आने से पहले वित्त मंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने गईं।

09:52 AM (IST) Feb 01

बजट को मंजूरी देने के लिए चल रही कैबिनेट की बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक चल रही है। कैबिनेट द्वारा अंतरिम बजट को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इसे संसद में पेश करेंगी।

 

09:47 AM (IST) Feb 01

संसद पहुंचीं अंतरिम बजट की प्रतियां

बजट पेश किए जाने से पहले दिल्ली में बारिश हो रही है। अंतरिम बजट की प्रतियों को ट्रक में लोड कर संसद लाया गया। बजट की प्रतियों को बड़े-बड़े थैले में रखा गया था।

09:18 AM (IST) Feb 01

राष्ट्रपति भवन पहुंचीं वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त मंत्रायल में टीम के साथ फोटो शूट सेशन कराया। वह अपने हाथ में लाल रंग के कवर में रखा टैब लिए हुईं थीं। इसी टैब से वह बजट पेश करेंगी। शूट सेशन के बाद वह राष्ट्रपति भवन पहुंची और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात किया।

08:47 AM (IST) Feb 01

निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय पहुंचीं

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करने के लिए वित्त मंत्रालय पहुंचीं हैं। वित्त मंत्री सुबह 11 बजे संसद के संयुक्त सत्र में बजट भाषण शुरू करेंगी।

08:42 AM (IST) Feb 01

अपने घर से निकलीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपने घर से निकलीं हैं। वह नॉर्थ ब्लॉक स्थित वित्त मंत्रालय जा रहीं हैं। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी वित्त मंत्रालय पहुंचे हैं।

 

08:19 AM (IST) Feb 01

छठा बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज अपना छठा बजट पेश करेंगी। अंतरिम बजट 2024-25 में नई सरकार बनने तक सरकारी काम चलाने के लिए धन की व्यवस्था की जाएगी। राजकोषीय घाटे को कम करने के इंतजाम किए जा सकते हैं। मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं और खाद्य एवं उर्वरक सब्सिडी पर ध्यान दिया जा सकता है।

07:34 AM (IST) Feb 01

निर्मला सीतारमण का कार्यक्रम

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह करीब 7:30 बजे अपने आवास से संसद भवन के लिए निकलेंगी। वह सुबह 8:15 बजे वित्त मंत्रालय पहुंचेंगी। यहां राज्य मंत्री के साथ फोटो सेशन होगा। इसके बाद मंत्री अपनी टीम के साथ राष्ट्रपति भवन जाएंगी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगी। निर्मला सीतारमण और राज्य मंत्री के संसद भवन में प्रवेश से पहले एक और फोटो शूट होगा।


More Trending News