
7th Pay Commission: केंद्र सरकार ने 7वें वेतन आयोग के तहत केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के साथ ही अब सेंट्रल एम्प्लाइज का महंगाई भत्ता 53% से बढ़कर 55% हो गया है। इससे पहले जुलाई 2024 में सरकार ने डीए में 3% की बढ़ोतरी की थी। जानते हैं 2 प्रतिशत की बढ़त के बाद कर्मचारियों की सैलरी में कितना इजाफा होगा।
मान लीजिए किसी कर्मचारी का मूल वेतन 18000 रुपए है, तो उसे अब तक 53% के हिसाब से डीए मिलता था, जो 9540 रुपए बनता था। लेकिन अब 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद 55% यानी 9900 रुपए मिलेगा। यानी उसकी सैलरी में 360 रुपए की बढ़ोतरी होगी।
अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50,000 रुपए है तो 53% डीए के हिसाब से अभी उसे 26500 रुपए महंगाई भत्ता मिलता था। वहीं, अब 2 प्रतिशत की बढ़त के बाद 55% यानी 27500 रुपए मिलेगा। इस तरह उसकी सैलरी में हर महीने 1000 रुपए की बढ़ोतरी होगी। इसी तरह, 70000 रुपए की बेसिक सैलरी पाने वाले कर्मचारी के वेतन में करीब 1400 रुपए का इजाफा होगा।
केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी का फायदा 48 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 66 लाख पेंशनर्स को होगा। ये बढ़ोतरी 1 जनवरी 2025 से लागू होगी। ऐसे में कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों (जनवरी-मार्च 2025) का एरियर भी मिलेगा। बता दें कि सामान्य तौर पर महंगाई भत्ते में कम से कम 4% की बढ़ोतरी होती है, लेकिन इस बार ये सिर्फ़ 2% है जो पिछले 7 सालों में सबसे कम है।
महंगाई बढ़ने के चलते सरकार कर्मचारियों और पेंशनधारकों के जीवन स्तर को मेंटेन रखने के लिए महंगाई भत्ता देती है। DA की दरें ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर तय होती हैं, और यह हर 6 महीने में अपडेट होती है।
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News