
मुंबई। अमेरिकी चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के साथ ही भारत समेत दुनियाभर के शेयर बाजारों में अच्छी-खासी तेजी देखने को मिली। ट्रंप की जीत से दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने तो एक झटके में 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली। डोनाल्ड ट्रंप की जीत से उत्साहित शेयर बाजार के बीच मस्क की कंपनी Tesla के शेयरों में जबर्दस्त उछाल देखा गया, जिसकी बदौलत उन्होंने एक ही दिन में जमकर पैसा कूटा।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक ही दिन में एलन मस्क की नेटवर्थ में करीब 26.5 अरब डॉलर यानी 2.23 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही उनकी कुल संपत्ति अब बढ़कर 290 अरब डॉलर पहुंच गई है।
डोनाल्ड ट्रंप की जीत को लेकर उत्साहित अमेरिकी शेयर बाजार में तेजी के बीच एलन मस्क की कंपनी टेस्ला के शेयर में 15 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। टेस्ला का शेयर 284.67 डॉलर के लेवल पर खुला और 289.59 डॉलर के लेवल तक पहुंच गया। मार्केट बंद होने पर टेस्ला का स्टॉक 14.75 प्रतिशत की जबर्दस्त तेजी के साथ 288.53 डॉलर पर बंद हुआ।
डोनाल्ड ट्रंप की जीत और अमेरिकी शेयर बाजार में तेजी का असर सिर्फ एलन मस्क की दौलत पर ही देखने को नहीं मिला, बल्कि दूसरे दिग्गजों ने भी जमकर पैसा कमाया। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, Amazon के जेफ बेजोस ने पिछले 24 घंटे में 7.14 अरब डॉलर की कमाई की। इसके साथ ही उनकी नेटवर्थ बढ़कर 228 अरब डॉलर पहुंच गई। इसके अलावा Oracle के लैरी एलिसन ने 9.88 अरब डॉलर, वॉरेन बफे ने 7.58 अरब डॉलर और लैरी पेज ने 5.53 अरब डॉलर की कमाई की।
ये भी देखें:
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प की जीत, लेकिन राष्ट्रपति पद की शपथ कब?
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News