
Foreign Exchange Reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में एक बार फिर गिरावट देखी जा रही है। ये लगातार 600 अरब डॉलर के नीचे बना हुआ है। 8 सितंबर, 2023 को खत्म हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार में 5 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही ये घटकर 593.90 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। बता दें कि इससे पहले यानी 1 सितंबर, 2023 को खत्म हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 598.89 बिलियन डॉलर था।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 8 सितंबर, 2023 को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 4.99 अरब डॉलर घटकर 593.90 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया है। इस दौरान फॉरेन करेंसी एसेट्स में 4.26 अरब डॉलर की कमी आई है। वहीं, गोल्ड रिजर्व 554 मिलियन डॉलर घटकर 44.38 बिलियन डॉलर पर आ गया है। इसके अलावा IMF (अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष) के रिजर्व में 39 मिलियन डॉलर की कमी आई है।
23 महीने पहले सबसे ज्यादा था विदेशी मुद्रा भंडार
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 23 महीने पहले यानी अक्टूबर, 2021 में सबसे ज्यादा 645 अरब डॉलर के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया था। हालांकि, बाद में इसमें गिरावट आई और ये 600 अरब डॉलर के आसपास बना हुआ है। रूस-यूक्रेन की जंग शुरू होने के बाद विदेशी मुद्रा भंडार में कमी देखने को मिली थी और एक समय ये 525 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया था।
डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट
करेंसी बाजार की बात करें तो शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एक डॉलर के मुकाबले रुपया 83.17 रुपये के लेवल पर बंद हुआ। पिछले कई दिनों से डॉलर के मुकाबले रुपए में कमजोरी देखी जा रही है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि विदेशी निवेशकों (FII) की बिकवाली और डॉलर में मजबूती के चलते रुपया कमजोर हुआ है।
दुनिया के टॉप-5 देशों का विदेशी मुद्रा भंडार
| देश | विदेशी मुद्रा भंडार (अरब डॉलर में) |
| चीन | 3160 |
| जापान | 1253 |
| स्विट्जरलैंड | 898.58 |
| भारत | 593.90 |
| रूस | 583.50 |
ये भी देखें :
म्यूचुअल फंड में लगाते हैं पैसा तो फटाफट कर लें ये काम, वरना पड़ेगा पछताना
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News