Budget से पहले भर गया सरकार का खजाना, 10% बढ़कर 1.72 लाख करोड़ पहुंचा GST कलेक्शन

बजट से ठीक पहले सरकार के खजाने में जमकर पैसा आया है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2024 में GST कलेक्शन 10.4 प्रतिशत बढ़कर 1.72 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है।

Ganesh Mishra | Published : Jan 31, 2024 5:06 PM IST / Updated: Jan 31 2024, 10:42 PM IST

GST Collection in January 2024: 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी। इससे ठीक पहले सरकार का खजाना भर गया है। जनवरी, 2024 में GST से सरकार को बंपर कमाई हुई है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2024 में GST कलेक्शन 10.4 प्रतिशत बढ़कर 1.72 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है। पिछले साल यानी जनवरी, 2023 में ये 1,55,922 करोड़ रुपये था।

GST में किसकी कितनी हिस्सेदारी?

सरकार के कुल GST कलेक्शन में SGST की हिस्सेदारी 39,476 करोड़ रुपए है। इसके अलावा CGST 31,844 करोड़ रुपए और IGST 89,989 करोड़ रुपए है। वहीं, सेस 10701 करोड़ रुपए है।

लगातार 12वां महीना जब GST 1.5 लाख करोड़ के पार

वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 20224 लगातार 12वां महीना है, जब GST कलेक्शन का आंकड़ा 1.5 लाख करोड़ से ज्यादा रहा है। जीएसटी कलेक्शन में बढ़ोतरी से खुश वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि ये भारतीय अर्थव्यवस्था में मजबूती को दिखाता है।

अप्रैल, 2023 से जनवरी, 2024 तक 16.69 लाख करोड़ GST कलेक्शन

वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान अब तक यानी पिछले 10 महीने में कुल 16.69 लाख करोड़ रुपए का GST कलेक्शन हुआ है। यह वित्त वर्ष 2022-23 के 10 महीने (अप्रैल 2022-जनवरी 2023) के 14.96 लाख करोड़ के GST कलेक्शन से 11.6% अधिक है। वहीं पिछले फाइनेंशियल ईयर 2022-23 में कुल GST कलेक्शन 18.10 लाख करोड़ रुपए रहा था।

GST कलेक्शन बढ़ने के पीछे क्या हैं मुख्य वजहें

लगातार GST कलेक्शन बढ़ने के पीछे कई कारण हैं। इनमें सरकार की ओर से किए गए रिफॉर्म्स के अलावा जीएसटी अनुपालन में सुधार और त्योहारी सीजन के दौरान खर्च में बढ़ोतरी शामिल है। बता दें कि जीएसटी सरकार की आय का सबसे अहम जरिया है। इसी पैसे से सरकार जनता के लिए विभिन्न योजनाओं के अलावा बुनियादी ढांचे के विस्तार पर खर्च करती है। जीएसटी का बढ़ना अर्थव्यवस्था में मजबूती का संकेत है।

ये भी देखें : 

क्या है अंतरिम और पूर्ण बजट, जानें कैसे एक-दूसरे से अलग हैं दोनों 

जानें कहां और कैसे देख सकते हैं बजट की LIVE कवरेज

Read more Articles on
Share this article
click me!