GST से भर गया सरकार का खजाना, पिछले साल की तुलना में 15% ज्यादा रहा कलेक्शन

GST कलेक्शन से एक बार फिर सरकार का खजाना भर गया है। पिछले 9 महीनों से लगातार जीएसटी कलेक्शन 1.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा है। नवंबर, 2023 में सरकार ने जीएसटी से 1.67 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं।

Ganesh Mishra | Published : Dec 1, 2023 3:36 PM IST

GST Collection in November 2023: नवंबर 2023 में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) से सरकार का खजाना भर गया है। नवंबर, 2023 में सरकार ने जीएसटी से 1.67 लाख करोड़ रुपए जुटाए हैं। पिछले साल की समान अवधि यानी नवंबर, 2022 से तुलना करें तो इसमें 15 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। नवंबर, 2022 में GST से सरकार के खजाने में 1.46 लाख करोड़ रुपए आए थे।

जानें कहां से कितना हुआ GST कलेक्शन

वित्त मंत्रालय के मुताबिक, नवंबर 2023 में GST कलेक्शन 1,67,929 करोड़ रुपए रहा है। इसमें CGST की हिस्सेदारी 30,420 करोड़ रुपए, SGST की 38,226 करोड़ रुपए, IGST की 87,009 करोड़ रुपए और सेस 12,274 करोड़ रुपए रहा है। सेस में माल के आयात से मिले 1,036 करोड़ रुपए भी शामिल हैं।

लगातार 9वीं बार 1.5 लाख करोड़ के पार रहा GST कलेक्शन

बता दें कि 9वीं बार ऐसा हुआ है, जब GST कलेक्शन 1.5 लाख करोड़ से ज्यादा रहा है। साथ ही लगातार 21 महीने से GST कलेक्‍शन 1.4 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो रहा है। वैसे, अब तक सबसे ज्यादा GST कलेक्शन अप्रैल, 2023 में रहा है। तब जीएसटी का आंकड़ा 1.87 लाख करोड़ रुपए के पार चला गया था।

GST कलेक्शन में भारत के टॉप-5 राज्य

GST कलेक्शन में सबसे उपर महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में GST कलेक्शन पिछले साल की तुलना में 17 प्रतिशत बढ़कर 25,585 करोड़ रुपए रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर कर्नाटक है, जहां जीएसटी कलेक्शन 11,970 करोड़ रुपए रहा। तीसरे नंबर पर गुजरात है, जहां का जीएसटी कलेक्शन 10,853 करोड़ रुपए रहा। चौथे नंबर पर 10,255 करोड़ के साथ तमिलनाडु और पांचवे नंबर पर 8,973 करोड़ के साथ उत्तर प्रदेश है। बता दें कि GST एक इनडायरेक्ट टैक्स है, जो अलग-अलग टैक्स को हटाकर बनाया गया है। इसे 2017 में लागू किया गया। इसके अंदर 5, 12, 18 और 28 प्रतिशत के 4 स्लैब हैं।

ये भी देखें : 

दिल्ली-मुंबई नहीं, जानें भारत का कौन-सा शहर दे रहा सबसे ज्यादा बिजनेसमैन

Read more Articles on
Share this article
click me!