
Indian GDP Growth Forecast: अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भारत के लिए अच्छी खबर है। तमाम अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं और एजेंसियों के साथ ही अब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भी फाइनेंशियल ईयर 2024-25 के लिए जीडीपी ग्रोथ का अनुमान बढ़ा दिया है। IMF के अनुमान के मुताबिक इस वित्त वर्ष के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था 6.8 फीसदी के बजाय 7 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ेगी। अगर ऐसा हुआ तो भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर गीता गोपीनाथ ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि इंडिया की ग्रोथ रेट में अभी काफी गुंजाइश है और उम्मीद है कि 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन जाए। बता दें कि फिलहाल भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी इकोनॉमी है। भारत से आगे सिर्फ अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी ही हैं।
जानें किन सेक्टर्स में दिख रही सबसे ज्यादा मजबूती
गीता गोपीनाथ के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष की तुलना में भारतीय इकोनॉमी में ज्यादा इम्प्रूवमेंट दिख रहा है। कंजम्प्शन भी बेहतर हुआ है। दोपहिया वाहनों की बिक्री के आंकड़े और FMCG सेक्टर में काफी मजबूती देखी जा रही है। इसके अलावा भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहतर मानसून भी एक पॉजिटिव फैक्टर है। इसकी वजह से कृषि क्षेत्र में अच्छी ग्रोथ नजर आ रही है। इन्हीं सब कारणों के चलते वित्त वर्ष 2024-25 में भारतीय अर्थव्यवस्था की बेहतर ग्रोथ का अनुमान लगाया जा सकता है।
IMF का ग्रोथ अनुमान आर्थिक सर्वे के आंकड़ों से भी ज्यादा
IMF की गीता गोपीनाथ ने भारतीय अर्थव्यवस्था की ग्रोथ का जो अनुमान दिया है, वो भारत सरकार के आर्थिक सर्वे में पेश किए गए अनुमान से भी कहीं अधिक है। बता दें कि आर्थिक सर्वे में भारतीय अर्थव्यवस्था के 6.5 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ने का अनुमान जताया गया है। वहीं, IMF ने इसे 7 प्रतिशत बताया है।
रिजर्व बैंक ने लगाया 7.2% की दर से बढ़ने का अनुमान
भारतीय रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था के 7.2 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया है। वहीं एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) ने भी भारत की जीडीपी के 7 प्रतिशत की दर से बढ़ने के अनुमान को यथावत रखा है।
ये भी देखें :
डिजिटल क्रांति से दुनिया को बदल रहा भारत, UN में जमकर हुई हमारी तारीफ
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News