अगले 7 साल में जापान को पीछे छोड़ देगा भारत, जानें 2030 तक कितनी हो जाएगी भारत की GDP

भारत फिलहाल दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। लेकिन 2030 तक भारत की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) 7300 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही भारत जापान को पीछे छोड़ दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन सकता है। 

Ganesh Mishra | Published : Oct 24, 2023 4:12 PM IST / Updated: Oct 24 2023, 09:44 PM IST

Indian Economy Good News: भारत फिलहाल दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। भारत से आगे अब सिर्फ अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी ही हैं। हालांकि, अगले 7 सालों में भारत की अर्थव्यवस्था जापान को पीछे छोड़ देगी। 2030 तक भारत की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) 7300 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।

2030 तक दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बन सकता है भारत

S&P ग्लोबल इंडिया मैन्युफैक्चरिंग ने अपने परचेज मैनेजमेंट इंडेक्स (PMI) में इस बात के संकेत दिए हैं। इसमें कहा गया है कि कोरोना के बावजूद 2021 और 2022 में भारत ने तेज इकोनॉमिक ग्रोथ हासिल की और इसे 2023 में भी बरकरार रखा है।

वित्त वर्ष 2023-24 में 6.2-6.3% रहेगी GDP ग्रोथ

S&P ग्लोबल इंडिया मैन्युफैक्चरिंग के पीएमआई इंडेक्स के मुताबिक, मार्च 2024 में खत्म होने वाले वित्त वर्ष में भारत की GDP 6.2 से 6.3 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही इस फाइनेंशियल ईयर में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे तेज बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था होगी। अप्रैल-जून तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी।

2030 तक जापान को पीछे छोड़ देगा भारत

S&P ग्लोबल का कहना है कि अमेरिकी डॉलर के संदर्भ में मापी गई भारत की मौजूदा कीमतों की GDP 2022 में 3700 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 2030 तक 7300 अरब डॉलर पहुंचने का अनुमान है। आर्थिक मोर्चे पर भारत की ये ग्रोथ 2030 तक उसे जीडीपी के मामले में जापान की अर्थव्यवस्था से आगे पहुंचा देगी। इसके साथ ही भारत दुनिया की तीसरी और एशिया-प्रशांत क्षेत्र की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

ये हैं दुनिया की टॉप-5 इकोनॉमी

Forbes के मुताबिक, दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं की बात करें तो इसमें अमेरिका अब भी टॉप पर है। 26,954 अरब डॉलर की इकोनॉमी के साथ वो नंबर वन है। इसके बाद 17,786 अरब डॉलर के साथ चीन दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। 4231 अरब डॉलर के साथ जापान दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। 4000 अरब डॉलर के साथ जर्मनी दुनिया की चौथी बड़ी इकोनॉमी है। वहीं, 5वें नंबर पर भारत है, जिसकी इकोनॉमी 3730 अरब डॉलर है।

ये भी देखें : 

क्या आप जानते हैं नीता अंबानी की सैलरी, जानें 1 मीटिंग की फीस

 

Read more Articles on
Share this article
click me!