
मुंबई। देश के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की टॉप कंपनी बन गई है। फॉर्च्यून ग्लोबल-500 लिस्ट में रिलायंस ने 42 पायदान की छलांग लगाकर पब्लिक सेक्टर की कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) को पीछे छोड़ दिया है। दुनियाभर की कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज की 106वीं रैंक है। आईओसी का 117वां नंबर है। पिछले साल रिलायंस 148वें और आईओसी 137वें पायदान पर थीं। बता दें कि 31 मार्च 2019 तक कंपनियों के बीते एक साल के रेवेन्यू के आधार पर यह रैंकिंग दी गई है। फॉर्च्यून हर साल दुनियाभर की टॉप-500 कंपनियों की रैंकिंग जारी करता है
रिलायंस का रेवेन्यू एक साल में 32% बढ़ा, आईओसी की ग्रोथ 18 फीसदी...
रिलायंस लगातार 16 साल से फॉर्च्यून की ग्लोबल-500 लिस्ट में बनी हुई है। कंपनी का रेवेन्यू 2018 के 62.3 अरब डॉलर के मुकाबले 32.1% बढ़कर 82.9 अरब डॉलर हो गया है। वहीं, आईओसी के रेवेन्यू में 17.7% ग्रोथ दर्ज की गई है। यह 65.9 अरब डॉलर से बढ़कर 77.6 अरब डॉलर पहुंच गया है।
फॉर्च्यून ग्लोबल-500 लिस्ट में शामिल 7 भारतीय कंपनियां...
इस लिस्ट में भारत की रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईओसी के अलावा ओएनजीसी, एसबीआई, टाटा मोटर्स, भारत पेट्रोलियम और राजेश एक्सपोर्ट जैसी कंपनियां शामिल हैं।
सऊदी अरामको पहली बार टॉप-10 में शामिल
अमेरिका की रिटेल कंपनी वॉलमार्ट इस साल भी टॉप पर है। चीन की सरकारी ऑयल एंड गैस कंपनी सिनोपेक दूसरे नंबर पर है। डच कंपनी रॉयल डच शेल का तीसरा, चाइना नेशनल पेट्रोलियम का चौथा और चीन की ही स्टेट ग्रिड कंपनी का चौथा नंबर है। सऊदी अरब की तेल कंपनी सऊदी अरामको पहली बार टॉप-10 में आई है। उसका 10वां नंबर है।
व्यापार समाचार: Read latest business news in Hindi, Investment News, Insurance News, Personal Finance Tips & Budget News Live Updates at Asianet Hindi News