
SpaceX IPO Details: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलॉन मस्क की अंतरिक्ष और रॉकेट निर्माण कंपनी SpaceX कथित तौर पर 12 जून को अपना आईपीओ (IPO) लॉन्च करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह दुनिया के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल हो सकता है। यदि कंपनी तय वैल्यूएशन पर शेयर बाजार में लिस्ट होती है, तो इसके हजारों मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों को बड़ा वित्तीय फायदा मिल सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, SpaceX IPO के लिए प्रति शेयर प्राइस बैंड 135 डॉलर (करीब 12,825 रुपये) तय किया गया है। इस कीमत के आधार पर कंपनी की कुल वैल्यूएशन लगभग 1.77 ट्रिलियन डॉलर आंकी जा रही है। अगर यह वैल्यूएशन हासिल होती है, तो SpaceX दुनिया के सबसे बड़े आईपीओ में शीर्ष स्थान पर पहुंच सकती है। कंपनी की योजना आईपीओ के जरिए करीब 75 अरब डॉलर जुटाने की बताई जा रही है।
बता दें कि स्पेसएक्स के आईपीओ से एलॉन मस्क की कंपनी करीब 75 अरब डॉलर जुटाएगी। ये रकम मुकेश अंबानी की कुल नेटवर्थ ($83.1 अरब डॉलर) के लगभग बराबर ही है। यानी आप इससे ही इस आईपीओ का अंदाजा लगा सकते हैं।
SpaceX का यह संभावित आईपीओ केवल निवेशकों के लिए ही नहीं, बल्कि कंपनी के वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों के लिए भी बड़ी खुशखबरी लेकर आ सकता है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, यदि कंपनी अनुमानित वैल्यूएशन पर सार्वजनिक होती है, तो 4,400 से अधिक मौजूदा और पूर्व कर्मचारी करोड़पति बन सकते हैं। इन कर्मचारियों के पास मौजूद शेयरों की कीमत 1 मिलियन डॉलर या उससे अधिक हो सकती है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि केवल करोड़पति बनने वालों की संख्या ही बड़ी नहीं है, बल्कि लगभग 400 कर्मचारियों के पास 100 मिलियन डॉलर से अधिक मूल्य की संपत्ति हो सकती है। इसका मतलब है कि SpaceX का आईपीओ कंपनी के कर्मचारियों के लिए इतिहास के सबसे बड़े वेल्थ क्रिएशन इवेंट्स में से एक साबित हो सकता है।
SpaceX की सबसे खास बात यह है कि कंपनी केवल वेतन पर निर्भर मॉडल नहीं अपनाती। कंपनी लंबे समय से अपने कर्मचारियों को स्टॉक और इक्विटी के रूप में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी भी देती रही है। यानी कर्मचारियों को सैलरी के साथ-साथ कंपनी के शेयर भी मिलते हैं। जैसे-जैसे SpaceX का मूल्यांकन बढ़ता गया, वैसे-वैसे कर्मचारियों के पास मौजूद शेयरों की कीमत भी बढ़ती चली गई। यही वजह है कि शुरुआती दौर में कंपनी से जुड़े कई कर्मचारियों के लिए SpaceX एक जीवन बदल देने वाला अवसर साबित हुई है।
जो कर्मचारी SpaceX के शुरुआती वर्षों में कंपनी से जुड़े थे, उन्हें सबसे अधिक लाभ मिलने की संभावना है। उस समय कंपनी का आकार छोटा था और उसका मूल्यांकन भी आज की तुलना में काफी कम था। समय के साथ कंपनी के विस्तार और बढ़ती सफलता ने उन कर्मचारियों के शेयरों की कीमत में जबरदस्त बढ़ोतरी कर दी।
SpaceX के पूर्व कर्मचारी ट्रेवर हाइस इसका एक बड़ा उदाहरण हैं। वह वर्ष 2011 में कंपनी से जुड़े थे, जब SpaceX अभी शुरुआती विकास के दौर में थी और आज जैसी वैश्विक पहचान से काफी दूर थी। हाइस के अनुसार, उन्हें कंपनी में 1 लाख से अधिक शेयर मिले थे। यदि आईपीओ की कीमत 135 डॉलर प्रति शेयर मानी जाए, तो उनके शेयरों का कुल मूल्य कम से कम 13.5 मिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। यह दिखाता है कि शुरुआती कर्मचारियों को दिए गए शेयर समय के साथ कितने मूल्यवान साबित हो सकते हैं।
SpaceX का संभावित आईपीओ कई कारणों से चर्चा में है। एक तरफ यह दुनिया के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल हो सकता है, वहीं दूसरी ओर हजारों कर्मचारियों को इससे बड़ी संपत्ति मिलने की उम्मीद है। कंपनी की मजबूत वैल्यूएशन, एलॉन मस्क की लोकप्रियता और अंतरिक्ष क्षेत्र में SpaceX की अग्रणी भूमिका इसे निवेशकों के लिए भी बेहद आकर्षक बना रही है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।