Gold Holding Rules in India: घर में बिना बिल कितना सोना रख सकते हैं? 500 ग्राम गोल्ड लिमिट पर सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया नियम। जानें आम परिवारों के लिए क्या बदला।
Gold Holding Limit for Married Woman: आपके घर में भी अगर मां, पत्नी या परिवार की महिलाओं के पास सोने के गहने हैं तो ये खबर आपके काम की है। अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि अगर सोने के गहनों का बिल नहीं है, तो क्या इनकम टैक्स विभाग उन्हें जब्त कर सकता है? शादीशुदा महिलाएं कितना सोना बिना बिल के रख सकती हैं? और अगर घर में इससे ज्यादा सोना मिला तो क्या कार्रवाई होगी? दरअसल, सोने को लेकर 500 ग्राम, 250 ग्राम और 100 ग्राम की जो लिमिट बताई जाती है, उसे लेकर लोगों के बीच काफी कंफ्यूजन रहता है। अब सुप्रीम कोर्ट ने इसे लेकर नियम एकदम साफ कर दिया है। आइए जानते हैं अदालत ने क्या कहा...
500 ग्राम सोने का नियम क्या है, जिसे लेकर कंफ्यूजन है?
साल 1994 के आयकर विभाग (CBDT) के निर्देश और 1 दिसंबर 2016 की वित्त मंत्रालय की प्रेस रिलीज के मुताबिक, अगर किसी घर पर इनकम टैक्स की रेड पड़ती है, तो शादीशुदा महिला के पास मौजूद 500 ग्राम तक के सोने के गहने जब्त नहीं किए जाते हैं। अविवाहित महिला के लिए ये लिमिट 250 ग्राम तय है। पुरुष सदस्य के पास 100 ग्राम तक के गहनों को हाथ नहीं लगाया जाता है। ज्यादातर लोग इस नियम का ये मतलब निकाल लेते हैं कि 500 ग्राम तक सोना रखने के लिए किसी हिसाब-किताब या सबूत की जरूरत ही नहीं है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस गलतफहमी को दूर कर दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा और क्यों पलटा हाईकोर्ट का फैसला?
ये पूरा मामला बिहार की फूलपरी कुमारी से जुड़े आय से अधिक संपत्ति (भ्रष्टाचार) के एक केस का है। उन पर अपनी कमाई से ज्यादा संपत्ति रखने का आरोप था। पटना हाईकोर्ट ने ये कहते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई रोक दी थी कि उनके पास मौजूद सोना 500 ग्राम की तय सीमा के अंदर है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस केवी विश्वनाथन और जस्टिस अरुण पल्ली की बेंच ने हाईकोर्ट के इस फैसले को पलट दिया। कोर्ट ने दो-टूक कहा कि सिर्फ 500 ग्राम वाला सर्कुलर या प्रेस रिलीज दिखा देने से ये साबित नहीं हो जाता कि सोना ईमानदारी की कमाई से खरीदा गया है। अगर किसी सरकारी कर्मचारी या व्यक्ति पर भ्रष्टाचार या आय से अधिक संपत्ति का मामला चलता है, तो उसे ये बताना ही होगा कि वह सोना किस पैसे से आया।
तो क्या आम परिवारों को डरने की जरूरत है?
कानूनी और टैक्स एक्सपर्ट्स की मानें तो आम गृहणियों और साधारण परिवारों को इस फैसले से घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने आम घरों के लिए कोई नया कानून नहीं बनाया है और न ही इनकम टैक्स रेड के दौरान मिलने वाली 500 ग्राम की छूट को खत्म किया है। ये फैसला मुख्य रूप से भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर लागू होता है।
सोना रखने की फिर लिमिट कितनी है?
कानून के मुताबिक, अगर आपने वैध कमाई से सोना खरीदा है या आपको परिवार से विरासत में मिला है, तो आप घर में कितना भी सोना रख सकते हैं, इसकी कोई मैक्सिमम लिमिट नहीं है। बस जरूरत पड़ने पर आप उसका जरिया (सोर्स) बता सकें।
पुराने या शादी के गहनों का बिल न हो तो क्या करें?
हमारे देश में दादी-नानी के जमाने के गहने या शादी में मिले उपहारों की रसीद हर किसी के पास नहीं होती। टैक्स जानकारों का कहना है कि हर पुराने गहने का बिल होना जरूरी नहीं है, लेकिन अपनी सुरक्षा के लिए आप ये आसान चीजें संभाल कर रख सकते हैं। शादी या पारिवारिक समारोह की वे फोटो, जिनमें दुल्हन या परिवार के सदस्य वे गहने पहने दिख रहे हैं, सबसे बड़ा सबूत मानी जाती हैं। अगर सोना माता-पिता या सास-ससुर से मिला है, तो उससे जुड़ा कोई कागज, वसीयत या पारिवारिक बंटवारे का रिकॉर्ड पास रखें। जो गहने आपने खुद खरीदे हैं, उनके पक्के बिल और बैंक पेमेंट की रसीदें एक फाइल में संभाल कर रखें।
सोने को लेकर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल-जवाब (FAQs)
शादीशुदा महिला कितना सोना रख सकती है?
शादीशुदा महिला के लिए 500 ग्राम तक के सोने के गहने तलाशी के दौरान जब्त न करने का CBDT निर्देश है। यह सोना रखने की अधिकतम सीमा नहीं है।
क्या बिना बिल के सोना रखना गैरकानूनी है?
नहीं। सिर्फ बिल न होने से सोना गैरकानूनी नहीं हो जाता है। लेकिन जरूरत पड़ने पर उसके वैलिड सोर्स की जानकारी देनी पड़ सकती है।
पुरुष कितना सोना रख सकता है?
CBDT के निर्देश के अनुसार पुरुष सदस्य के 100 ग्राम तक के सोने के गहने तलाशी के दौरान जब्त नहीं किए जाने चाहिए।
क्या 500 ग्राम से ज्यादा सोना रखने पर इनकम टैक्स की कार्रवाई होगी?
सिर्फ 500 ग्राम से ज्यादा सोना होने के कारण कार्रवाई तय नहीं है। सोने का वैलिड सोर्स और मामले की परिस्थितियां अहम हैं।
क्या सुप्रीम कोर्ट ने 500 ग्राम सोने का नियम खत्म कर दिया है?
नहीं। सुप्रीम कोर्ट ने इस नियम को खत्म नहीं किया है। कोर्ट ने साफ किया है कि ये निर्देश आय से अधिक संपत्ति के मामले में सोने का सोर्स साबित करने के लिए अपने आप पर्याप्त नहीं है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी टैक्स नोटिस, जांच या संपत्ति से जुड़े कानूनी मामले में कोई भी कदम उठाने से पहले किसी योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) या कानूनी सलाहकार से सलाह जरूर लें।














