
Rapido Passenger Viral Story: एक साधारण Rapido राइड उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब एक महिला को ऑफिस छोड़ने वाले राइडर ने बाद में WhatsApp पर नौकरी की गुहार लगाते हुए संदेश भेज दिया। आमतौर पर राइड खत्म होने के बाद यात्रियों को रेटिंग या फीडबैक से जुड़े मैसेज मिलते हैं, लेकिन इस बार मामला बिल्कुल अलग था। राइडर ने खुद को हाल ही में B.Tech पासआउट बताया और किसी भी तरह नौकरी मिलने की उम्मीद में अपना बायोडाटा भी भेज दिया। महिला ने इस पूरे घटनाक्रम का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है। इसके बाद पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और लोगों के बीच बेरोजगारी के हालात के साथ-साथ यात्रियों की निजता को लेकर भी बहस शुरू हो गई।
स्क्रीनशॉट के मुताबिक, राइडर ने अपना नाम इब्राहिम बताया और लिखा कि उसने अप्रैल 2024 में B.Tech की पढ़ाई पूरी की है। वह फ्रेशर है और नौकरी की तलाश कर रहा है। उसने महिला से अनुरोध किया कि यदि उनके पास या उनके संपर्क में कोई नौकरी का अवसर हो तो उसे जरूर बताएं। इसके साथ उसने अपना रिज्यूमे भी शेयर किया। नीचे देखें वायरल पोस्ट-
Got a dm from a guy who dropped me at my office😭😭 pic.twitter.com/UHyGDdXiYH
— Nandini Gupta (@yoursnandieni) August 3, 2026
पोस्ट सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने राइडर की मेहनत और हिम्मत की तारीफ की। कई यूजर्स का कहना था कि नौकरी की तलाश में वह मेहनत करके अपनी रोजी-रोटी भी चला रहा है और हर संभव मौके का इस्तेमाल कर रहा है। लोगों ने महिला से भी अपील की कि अगर संभव हो तो उसकी मदद करें। कुछ यूजर्स ने इस घटना को देश में रोजगार की चुनौती से जोड़ते हुए कहा कि मौजूदा समय में नौकरी पाना युवाओं के लिए आसान नहीं रह गया है। वहीं कुछ छात्रों ने भी इस पोस्ट पर चिंता जताई और भविष्य के करियर को लेकर सवाल उठाए।
ये भी पढ़ें- ₹4.8 लाख की कमाई दिखाकर 22 साल के युवक ने कहा- IIT नहीं, स्किल्स से मिलती है बड़ी सफलता, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
हालांकि, हर किसी की राय एक जैसी नहीं थी। कई लोगों ने इस बात पर चिंता जताई कि राइड खत्म होने के बाद किसी यात्री को निजी नंबर पर इस तरह संपर्क करना सही नहीं माना जा सकता। उनका कहना था कि चाहे इरादा अच्छा हो, लेकिन ऐसी घटनाएं यात्रियों की निजता और सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े करती हैं। कुछ लोगों ने यह भी सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बातचीत करते समय सतर्क रहना चाहिए और व्यक्तिगत जानकारी शेयर करने से बचना चाहिए।
एक मैसेज, कई बड़े सवाल
यह घटना सिर्फ एक नौकरी मांगने वाले संदेश तक सीमित नहीं रही। इसने एक तरफ युवाओं के सामने मौजूद रोजगार की कठिनाइयों को उजागर किया, तो दूसरी ओर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यूजर्स की प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा को लेकर भी नई चर्चा शुरू कर दी। यही वजह है कि यह मामला सोशल मीडिया पर लगातार लोगों का ध्यान खींच रहा है।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।