Lavanya Jain Rs 4.8 Lakh Salary Viral Post: 22 साल के ग्रोथ मार्केटर लवण्या जैन ने ₹4.8 लाख की कमाई का दावा करते हुए कहा- IIT नहीं, स्किल्स से मिलती है सफलता। जानिए पूरा मामला।
Viral Post: भारत में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी की बात आते ही अक्सर IIT जैसे बड़े संस्थानों का नाम सबसे पहले लिया जाता है। लेकिन 22 वर्षीय ग्रोथ मार्केटर लवण्या जैन (Lavanya Jain) की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इस सोच पर नई बहस छेड़ दी है। जैन ने अपनी बैंक ट्रांजैक्शन अलर्ट के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए दावा किया कि उन्हें अलग-अलग सोर्स से कुल करीब ₹4.8 लाख की राशि मिली है। उनका कहना है कि वह बिना IIT की डिग्री के भी सालाना 1 लाख अमेरिकी डॉलर (100,000 USD) से ज्यादा कमा रहे हैं।
फाइनल सेमेस्टर में छोड़ी BTech की पढ़ाई
लवण्या जैन ने बताया कि उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) में BTech की पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन लास्ट सेमेस्टर में ही कॉलेज छोड़ दिया। उनके मुताबिक, यह फैसला उनकी जिंदगी के सबसे अच्छे फैसलों में से एक साबित हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया कि आज उनकी कमाई उनके कॉलेज के सबसे बड़े प्लेसमेंट पैकेज से भी अधिक है।
पार्ट-टाइम कॉन्ट्रैक्ट से कमाई, साथ में कई इनकम सोर्स
जैन का कहना है कि वह फिलहाल पार्ट-टाइम कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करते हैं और उनकी मुख्य आय ही उनके सभी खर्च पूरे कर देती है। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि उनके पास पांच पैसिव इनकम सोर्स भी हैं, जिनसे अलग से कमाई होती है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए स्क्रीनशॉट में करीब ₹3.74 लाख और ₹1.12 लाख की दो अलग-अलग क्रेडिट एंट्री दिखाई गई हैं, जिनका कुल योग लगभग ₹4.8 लाख है।
ये भी पढ़ें- ₹66 लाख की नौकरी छोड़ 40% कम सैलरी पर बनी रिसेप्शनिस्ट, जानिए क्यों लिया करियर चेंज का फैसला
'IIT सिर्फ एक टैग है' बयान पर शुरू हुई चर्चा
अपनी पोस्ट में जैन ने साफ कहा कि उनका उद्देश्य अपनी कमाई का दिखावा करना नहीं है। उनका कहना था कि IIT जैसी संस्थाएं बेहतर नेटवर्क और शुरुआती अवसर जरूर देती हैं, लेकिन लंबे समय में किसी भी प्रोफेशनल की पहचान उसके काम, स्किल्स और रिजल्ट से बनती है। उन्होंने यह भी लिखा कि उनके साथ ऐसे लोग काम कर रहे हैं जो IIT से पढ़े हुए हैं। नीचे देखें वायरल पोस्ट-
करियर को लेकर फिर उठे नए सवाल
लवण्या जैन की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या आज के दौर में करियर की सफलता के लिए सिर्फ प्रतिष्ठित कॉलेज की डिग्री ही सबसे बड़ा पैमाना है। कई लोग इसे स्किल-आधारित करियर की मिसाल मान रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि ऐसे व्यक्तिगत दावे हर किसी के अनुभव का प्रतिनिधित्व नहीं करते। हालांकि, इस पोस्ट ने इतना जरूर साबित किया है कि डिजिटल इकोनॉमी और स्टार्टअप इकोसिस्टम में आज स्किल्स, अनुभव और बेहतर प्रदर्शन भी सफलता की बड़ी कुंजी बन चुके हैं।
