Career Change: ₹66 लाख की सैलरी वाली शानदार जॉब छोड़ रिसेप्शनिस्ट बनी महिला की प्रेरक कहानी पढ़ें। जानें कैसे वर्क स्ट्रेस, बर्नआउट और मानसिक शांति की चाह ने उसकी जिंदगी बदल दी।

High Salary Job: आज की दौड़ती-भागती जिंदगी में ज्यादातर लोग बेहतर पैकेज और ऊंचे पद को ही सफलता की पहचान मानते हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली 34 वर्षीय ग्रेस मैक्लीलैंड (Grace McClelland) की कहानी इस सोच से बिल्कुल अलग है। उन्होंने करीब 1 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग ₹66 लाख) सालाना कमाने वाली नौकरी छोड़कर कम वेतन वाली रिसेप्शनिस्ट की नौकरी चुनी। वजह सिर्फ एक थी- मानसिक शांति और बेहतर जीवन।

प्रमोशन मिला, लेकिन बढ़ता गया तनाव

ग्रेस ने अपने करियर की शुरुआत एक रिटेल कंपनी में सेल्स एसोसिएट के तौर पर की थी। करीब पांच साल की मेहनत के बाद उन्हें कंपनी के फ्लैगशिप स्टोर का स्टोर मैनेजर बनाया गया। यह उनके करियर की बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन इसी के साथ जिम्मेदारियां भी कई गुना बढ़ गईं। नई भूमिका में खुद को साबित करने का दबाव, लंबी ड्यूटी और रोज का लंबा सफर उनकी जिंदगी पर भारी पड़ने लगा। धीरे-धीरे काम का बोझ इतना बढ़ गया कि ऑफिस के बाद किसी और काम के लिए उनके पास न ऊर्जा बचती थी और न ही मन। लगातार तनाव और एंग्जायटी के कारण उन्होंने आखिरकार नौकरी छोड़ने का फैसला किया।

नई नौकरी भी नहीं बदल सकी हालात

पहली नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने एक ऑफिस जॉब शुरू की, लेकिन वहां भी केवल चार महीने ही टिक सकीं। इसके बाद एक लग्जरी रिटेल ब्रांड ने उन्हें बेहतर पैकेज, बोनस और विदेश यात्रा जैसी सुविधाओं के साथ ऑफर दिया। आर्थिक रूप से यह उनके करियर का सबसे मजबूत दौर था। हालांकि, अच्छी कमाई के बावजूद उन्हें अपने काम से जुड़ाव महसूस नहीं हो रहा था। उन्हें लगने लगा कि वे सिर्फ जिम्मेदारियां निभा रही हैं, लेकिन काम में खुशी और संतुष्टि कहीं खो चुकी है।

ये भी पढ़ें- 10 साल के अनुभव वाले प्रोफेशनल ने 1000 से ज्यादा आवेदन के बाद पाई नौकरी…

40% कम सैलरी, लेकिन जिंदगी में ज्यादा सुकून

लगातार मानसिक दबाव झेलने के बाद ग्रेस ने दोबारा बड़ा फैसला लिया। people.com कि रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने रिटेल मैनेजमेंट छोड़ दिया और एक महीने का ब्रेक लेकर खुद को समय दिया। इसके बाद जुलाई 2024 में उन्होंने जूनियर एडमिनिस्ट्रेशन की दिशा में कदम बढ़ाया और रिसेप्शनिस्ट व ऑफिस मैनेजर की नौकरी स्वीकार कर ली। इस बदलाव के साथ उनकी आय पहले की तुलना में करीब 40 प्रतिशत कम हो गई, लेकिन बदले में उन्हें ऐसा वर्क-लाइफ बैलेंस मिला जिसकी उन्हें लंबे समय से तलाश थी। अब वे ऑफिस के प्रशासनिक काम संभालती हैं और दिन खत्म होने के बाद खुद के लिए भी पर्याप्त समय निकाल पाती हैं।

ये भी पढ़ें- ₹35 लाख की IT जॉब छोड़ी, अब कंटेंट क्रिएशन से साल में ₹1 करोड़ से ज्यादा कमा रहा यह कपल

खाली समय को बनाया नई कमाई का जरिया

कम तनाव वाली नौकरी ने ग्रेस को अपने शौक पूरे करने का मौका भी दिया। उन्होंने क्रोशिया (Crochet) का काम शुरू किया और सोशल मीडिया पर नियमित रूप से अपना कंटेंट शेयर करना शुरू किया। धीरे-धीरे यही उनकी एक्स्ट्रा इनकम का सोर्स भी बन गया। ग्रेस का कहना है कि अब जब लोग उनसे उनके काम के बारे में पूछते हैं तो वे बिना झिझक बताती हैं कि वे रिसेप्शनिस्ट हैं। उनके मुताबिक, कई लोग इस बात से प्रभावित होते हैं कि उन्होंने ज्यादा पैसे की बजाय सुकून और संतुलित जिंदगी को प्राथमिकता दी।