Job Search Tips Viral Post: 10 साल के अनुभवी प्रोफेशनल ने सोशल मीडिया पर अपनी कहानी शेयर करते हुए बताया कि कैसे उसने 1000+ आवेदन और 30 इंटरव्यू के बाद नौकरी हासिल की। साथ ही उन्होंने आज के जॉब मार्केट में सफलता पाने के अहम टिप्स भी शेयर किए। पढ़ें।
Reddit Viral Post: आईटी सेक्टर में नौकरी की तलाश कर रहे प्रोफेशनल्स के लिए मौजूदा समय आसान नहीं है। हाल ही में सोशल मीडिया पर 10 साल के अनुभव वाले एक प्रोफेशनल ने अपनी जॉब सर्च का अनुभव साझा किया, जिसने हजारों नौकरी तलाश रहे लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने बताया कि करीब 4 महीने तक लगातार कोशिश करने, 1000 से ज्यादा जगह आवेदन भेजने और 30 से अधिक इंटरव्यू देने के बाद उन्हें आखिरकार नई नौकरी का ऑफर मिला। उनकी पोस्ट सिर्फ एक सफलता की कहानी नहीं, बल्कि मौजूदा जॉब मार्केट की सच्चाई भी सामने लाती है। पोस्ट पर आए कमेंट्स से भी साफ है कि अनुभवी प्रोफेशनल्स को भी इंटरव्यू कॉल और ऑफर पाने में पहले की तुलना में कहीं ज्यादा संघर्ष करना पड़ रहा है।
नई जॉब पाने में क्या चीजें सबसे ज्यादा काम आईं?
पोस्ट में प्रोफेशनल ने बताया कि इंटरव्यू के दौरान उन्होंने रटे-रटाए या एआई से तैयार किए गए जवाब देने की बजाय अपनी समझ के अनुसार जवाब दिए। उनका मानना है कि अगर जवाब में छोटी-मोटी गलतियां भी हों, लेकिन वह वास्तविक अनुभव पर आधारित हो, तो उसका असर बेहतर पड़ता है। उन्होंने अपने रिज्यूमे पर भी विशेष ध्यान दिया। इसके लिए करीब 2600 रुपये खर्च करके प्रोफेशनल तरीके से रिज्यूमे तैयार कराया। उनका कहना है कि इसके बाद इंटरव्यू कॉल की संख्या में स्पष्ट बढ़ोतरी देखने को मिली।
धैर्य और सही उम्मीदें रखना भी जरूरी
पोस्ट में सबसे बड़ा संदेश धैर्य रखने का दिया गया है। उनके मुताबिक, लगातार आवेदन करते रहना जरूरी है क्योंकि कई बार अवसर अचानक सामने आता है। उन्होंने यह भी कहा कि नौकरी तलाशने के दौरान उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। साथ ही उन्होंने मौजूदा भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक अहम बात कही। उनके अनुसार, कई कंपनियां सिर्फ तकनीकी कौशल ही नहीं देख रहीं, बल्कि उम्मीदवार की अपेक्षित सैलरी (CTC) और कितनी जल्दी जॉइन कर सकता है, इन बातों को भी प्राथमिकता दे रही हैं। ऐसे में जरूरत से ज्यादा वेतन अपेक्षा रखने से अवसर सीमित हो सकते हैं। नीचे देखें वायरल पोस्ट-
ये भी पढ़ें- Microsoft से मिले रिजेक्शन ने बदल दी जिंदगी... अमेरिका में अपना ऑफिस दिखाया, माता-पिता की आंखों में दिखा गर्व
कमेंट्स में छलका जॉब मार्केट का दर्द
- इस पोस्ट पर कई अन्य प्रोफेशनल्स ने भी अपने अनुभव साझा किए। एक 7 साल के अनुभवी यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि आजकल उन्हें रिक्रूटर्स के बजाय सिर्फ लोन ऑफर देने वाले एजेंट्स के फोन आते हैं। उनका कहना था कि ऐसा लगता है जैसे लोन एजेंट्स को उनके करियर की ज्यादा चिंता है।
- वहीं कुछ लोगों ने प्रोफेशनल से डायरेक्ट मैसेज के जरिए मार्गदर्शन और रेफरल की मांग की। कुछ यूजर्स ने फ्रीलांसिंग को लेकर भी चर्चा की और कहा कि 5-6 साल पहले की तुलना में अब फ्रीलांस प्रोजेक्ट हासिल करना भी काफी मुश्किल हो गया है।
ये भी पढ़ें- ₹35 लाख की IT जॉब छोड़ी, अब कंटेंट क्रिएशन से साल में ₹1 करोड़ से ज्यादा कमा रहा यह कपल
यह अनुभव बताता है कि मौजूदा आईटी जॉब मार्केट में सिर्फ अनुभव होना ही काफी नहीं है। मजबूत रिज्यूमे, लगातार आवेदन, इंटरव्यू में वास्तविक जवाब, व्यावहारिक वेतन अपेक्षा और सबसे बढ़कर धैर्य, ये सभी बातें नौकरी पाने की संभावना बढ़ा सकती हैं। हालांकि, यह एक सोशल मीडिया यूजर का परस्नल एक्सपीरिएंस है और हर उम्मीदवार की स्थिति अलग हो सकती है, लेकिन इससे मौजूदा जॉब मार्केट की चुनौतियों और बदलती भर्ती प्रक्रिया की एक स्पष्ट तस्वीर जरूर सामने आती है।
