
PhD Doctor Career Change: चीन की 31 साल की लियू जिहान ने मेडिकल में लंबी पढ़ाई के बाद एक ऐसा रास्ता चुना, जिसकी शायद किसी ने उनसे उम्मीद नहीं की थी। प्रतिष्ठित अस्पताल की नौकरी छोड़कर अब वह कभी डिलीवरी करती हैं, कभी पब में गाती हैं और साथ-साथ पार्ट-टाइम थेरेपिस्ट के तौर पर भी काम करती हैं। जानिए पूरी कहानी और हॉस्पिटल की जॉब छोड़ने की वजह।
लियू जिहान का शुरुआती जीवन पढ़ाई और प्रतियोगिता के बीच गुजरा। वह चीन के हेबेई प्रांत से हैं और उन्होंने कुछ समय हेंगशुई हाई स्कूल में पढ़ाई की। यह स्कूल अपने बेहद अनुशासित और कठिन पढ़ाई के माहौल के लिए जाना जाता है। इसके बाद उन्होंने सिचुआन यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की और यूनिवर्सिटी ऑफ मकाऊ के फैकल्टी ऑफ हेल्थ साइंसेज से पीएचडी पूरी की। 2022 में 27 साल की उम्र में डॉक्टरेट पूरी करने के बाद उन्होंने अस्पताल में मनोचिकित्सक के रूप में काम शुरू किया।
ये भी पढ़ें- कौन हैं दिव्या मित्तल? IIT-IIM से पढ़ाई, लंदन की नौकरी छोड़ी, बनीं IAS, अब राजनीति में एंट्री
लियू के मुताबिक, मरीजों के साथ सीधे और मानवीय तरीके से बात करना उन्हें पसंद था। कई मरीजों ने उनके इलाज और व्यवहार के लिए उन्हें हाथ से लिखे धन्यवाद पत्र भी दिए। लेकिन समय के साथ अस्पताल की तय दिनचर्या और काम का दबाव उन्हें परेशान करने लगा। फरवरी में उन्होंने अस्पताल की नौकरी और पोस्टडॉक्टरल रिसर्च का काम छोड़ने का फैसला किया। उनका कहना है कि पीएचडी के बाद उन्हें अच्छी नौकरी, सम्मान और आर्थिक स्थिरता मिल सकती थी, लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि सिर्फ इसी रास्ते पर चलना उनकी जिंदगी की जरूरत नहीं है।
नौकरी छोड़ने के बाद लियू ने कुछ समय यात्रा में बिताया। फिर उन्होंने अलग-अलग छोटे काम आजमाए। इनमें नाश्ता बेचना, डिलीवरी करना और पब में गाना शामिल है। इन कामों के दौरान उनकी मुलाकात रेस्टोरेंट कर्मचारियों, स्टॉल चलाने वालों, पब से जुड़े लोगों और डिलीवरी राइडर्स से हुई। लियू के मुताबिक, इन लोगों में उन्हें जिंदगी के प्रति सहजता, एक-दूसरे की मदद करने की आदत और मुश्किल हालात में भी आगे बढ़ने का जज्बा दिखाई दिया।
ये भी पढ़ें- Success Story: कभी दोस्तों से छिपकर पहुंचाते थे Swiggy ऑर्डर, आज खुद चलाते हैं Seafood बिजनेस
लियू अभी पूरी तरह मेडिकल फील्ड से अलग नहीं हुई हैं। वह पार्ट-टाइम थेरेपिस्ट के तौर पर काम कर रही हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी का रास्ता इसलिए बदला क्योंकि वह कम तनाव में अपनी पसंद के मुताबिक जीना चाहती हैं।
सरकारी नौकरियों की नोटिफिकेशन, परीक्षा तिथियां, एडमिट कार्ड, रिज़ल्ट और कट-ऑफ अपडेट्स पाएं। करियर टिप्स, स्किल डेवलपमेंट और एग्ज़ाम गाइडेंस के लिए Career News in Hindi और सरकारी भर्ती से जुड़े ताज़ा अपडेट्स के लिए Sarkari Naukri सेक्शन देखें — नौकरी और करियर जानकारी भरोसेमंद तरीके से यहीं।