
नई दिल्ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को चैलेंज किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री के लिए कोई चेहरा आगे नहीं किया है, चुनाव के बाद अमित शाह जिसे चाहे उसे सीएम बना देंगे, लेकिन लोकतंत्र में यह विकल्प जनता के पास है। इसलिए आम आदमी पार्टी को वोट करिए। आप वोट सीधा अरविंद केजरीवाल के पास आएगा।
भाजपा को बहस करने के लिए दी चुनौती
अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को बहस करने के लिए चुनौती दी है। उन्होंने कहा, कल 1 बजे तक भाजपा सीएम कैंडिडेट तय कर ले। उसके साथ बहस करने को तैयार। ऐसा नहीं हुआ तो कल फिर इस समय प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आगे की बात जनता के सामने रखेंगे।
"गड्ढे में जाएगा आप लोगों का वोट"
अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में मैं कह चुका हूं कि आप को दिया एक-एक वोट केजरीवाल के पास जाएगा। भाजपा के पास मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं है। उनको वोट दिया तो वो किसके पास जाएगा। असल में आप का वोट गड्ढे में जाएगा। हम उन्हें 1 बजे तक का समय देते हैं। तब तक वह अपना सीएम उम्मीदवार तय कर लें, फिर 1 बजे मुझसे दिल्ली के मुद्दों पर बहस कर लें।
मनोज तिवारी ने कहा, घोषणा पत्र पर बहस को तैयार
अरविंद केजरीवाल की चुनौती के बाद दिल्ली के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चुनावी घोषणा पत्र पर बहस करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा, केजरीवाल तारीख और वक्त तय करें। आम आदमी पार्टी के घोषणा पत्र और भाजपा के संकल्प पत्र को लेकर बहस हो जाए। मनोज तिवारी ने कहा, उनकी पार्टी का कोई भी वरिष्ठ सदस्य बहस करने के लिए तैयार है।
8 फरवरी को मतदान होना है
दिल्ली में विधानसभा की कुल 70 सीटों पर 8 फरवरी को मतदान होना है। 11 फरवरी को सभी सीटों का परिणाम आएगा। साल 2000 के बाद दिल्ली में चार विधानसभा चुनाव हुए हैं। साल 2015 के चुनाव में आम आदमी पार्टी 70 में से 67 सीटें जीतने में कामयाब रही।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.