हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री का वादा, बुजुर्गों को हर महीने मिलेंगे 5100, माफ होगा किसानों का कर्ज

Published : Oct 14, 2019, 03:51 PM IST
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री का वादा, बुजुर्गों को हर महीने मिलेंगे 5100, माफ होगा किसानों का कर्ज

सार

हुड्डा ने चुनाव प्रचार के दौरान अपने संबोधन में कहा, ‘‘हवा पलट गई है। कांग्रेस को राज्य में भारी समर्थन मिल रहा है और वह अगली सरकार बनाने जा रही है।’’

सोनीपत. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने दावा किया है कि कांग्रेस राज्य में अगली सरकार बनाएगी क्योंकि उसे यहां लोगों का ‘‘भारी’’ समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस की राज्य इकाई के विधायक दल के नेता हुड्डा ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि वह लोगों से किए गए वादे को पूरा करने में ‘‘नाकाम’’ रही है।

बदल चुकी है हरियाणा की हवा 
हुड्डा ने रविवार शाम जिले के बड़ौदा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान अपने संबोधन में कहा, ‘‘हवा पलट गई है। कांग्रेस को राज्य में भारी समर्थन मिल रहा है और वह अगली सरकार बनाने जा रही है।’’ उन्होंने महमूदपुर और निर्वाचन क्षेत्र के अन्य गांवों में भी लोगों को संबोधित किया। हुड्डा ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने की अपील की और कहा, ‘‘हर सीट मायने रखती है। बड़ौदा मेरा गढ़ है। हमें इस बार बड़े अंतर से यहां जीत हासिल करनी चाहिए।’’

श्रीकृष्ण हुड्डा को चुनौती दै रहे हैं पहलवान योगेश्वर दत्त 
हुड्डा ने बड़ौदा से पार्टी उम्मीदवार श्रीकृष्ण हुड्डा के समर्थन में वोट मांगते हुए प्रचार किया। श्रीकृष्ण हुड्डा के सामने पहलवान से नेता बने भाजपा उम्मीदवार योगेश्वर दत्त की चुनौती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की हकीकत ‘‘सामने आ गई’’ है क्योंकि उसने लोगों से ‘‘केवल झूठे वादे’’ किए हैं। हुड्डा ने कहा, ‘‘वह (भाजपा) पहले चुनावों में किए गए वादे पूरा करने में नाकाम रही।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने रविवार को जारी भाजपा के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘नए वादे करने से पहले, उन्हें यह बताना चाहिए कि उन्होंने पहले किए गए अपने कितने वादों को पूरा किया है।’’

हरियाणा में भी किसानों का कर्ज माफ करेगी कांग्रेस 
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ‘‘जन विरोधी नीतियों’’ के कारण पिछले पांच साल में किसान, सरकारी कर्मचारी, अन्य कर्मी, कारोबारी और युवा पिछले पांच साल में परेशान हुए हैं। हुड्डा ने कहा, ‘‘लोग कुछ न करने वाली इस सरकार से छुटकारा पाना चाहते हैं।’’ उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र के बारे में कहा, ‘‘यदि हम सत्ता में आते हैं तो हम सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ करेंगे।’’ हुड्डा ने कहा, ‘‘बिजली के बिल आधे किए जाएंगे और बुजुर्गों को 5100 रुपए प्रति माह पेंशन दी जाएगी।’’ गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था और इस वादे को सरकार ने पूरा भी किया है। 

[यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है]

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

राज्यसभा: 'खुलेआम बेचा जा रहा जहर', आप सांसद राघव चढ्ढा ने उठाया खतरनाक मुद्दा
झगड़ा, बदला या कुछ और? दिल्ली में 3 डिलीवरी एजेंटों ने कैसे और क्यों किया बिजिनेसमैन का मर्डर?