सोमवार को सुबह 8 बजे से वोटिंग.. आंकड़ों में समझिए दूसरे चरण का पूरा गणित

Gujarat Assembly Election 2022: राज्य के 93 विधानसभा सीट पर वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। भाजपा और आप ने 93 सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन ने 92 सीट पर। बीटीपी 12 सीट पर मैदान में है। 

Ashutosh Pathak | Published : Dec 4, 2022 12:36 PM IST

गांधीनगर। Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण की वोटिंग कल यानी सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। दूसरे चरण में उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात के 14 जिलों क 93 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इस बार 833 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इन 93 में से 51 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने 39 सीट पर जीत दर्ज की थी। इसके अलावा, तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। 
 
भाजपा ने पिछले चुनाव में मध्य गुजरात में 37 सीट जीती थी, जबकि कांग्रेस को 22 सीट मिली थी। वहीं, उत्तर गुजरात में भाजपा ने 14 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी। बता दें कि दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान 3 दिसंबर की शाम पांच बजे समाप्त हो गया था। इससे पहले 1 दिसंबर को सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिण गुजरात के जिलों की 89 सीटों के लिए पहले चरण के लिए वोटिंग हुई थी। इसमें 63 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई थी। 

285 निर्दलीय उम्मीदवार इस बार मैदान में 
बता दें कि गुजरात विधानसभा में कुल 182 सीट हैं। पहले चरण में 89 सीट पर वोटिंग हुई, जबकि दूसरे चरण में 93 विधानसभा सीट पर वोटिंग हुई। पहले चरण में 89 सीट पर 788 उम्मीदवार मैदान में थे। तब 339 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में थे और 39 राजनीतिक दल मैदान में थे। वहीं, दूसरे चरण में 93 सीट पर 61 राजनीतिक दलों के 833 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 285 निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं। 

बीटीपी 12 और बीएसपी ने 44 सीट पर प्रत्याशी उतारे 
भाजपा और आम आदमी पार्टी ने जहां 93 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं कांग्रेस 90 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसकी सहयोगी पाटी एनसीपी दो सीट पर चुनाव लड़ रही है। बता दें कि इस चुनाव में कांग्रेस और एनसीपी ने गठबंधन किया हुआ है, जिसमें कांग्रेस के पास 179 सीट है और एनसीपी को 3 सीट दी गई थी। मगर दरियापुर से एनसीपी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल करने के बाद नाम वापस ले लिया। इससे उसके दो प्रत्याशी ही मैदान में हैं। अन्य दलों में भारतीय ट्राइबल पार्टी यानी बीटीपी ने 12 और बहुजन समाज पार्टी यानी बसपा ने 44 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। 

18 से 19 साल की उम्र वाले करीब 6 लाख वोटर्स 
दरअसल, दूसरे चरण में वोटिंग के लिए दो करोड़ 51 लाख वोटर्स वोट करेंगे। इनमें 1 करोड़ 29 लाख पुरूष हैं, जबकि 1 करोड़ 22 लाख महिला वोटर्स हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, 18 से 19 साल की उम्र वाले 5 लाख 96 हजार वोटर्स हैं। चुनाव आयोग ने 14 हजार 975 पोलिंग बूथ बनाए हैं। इसमें 1 लाख 13 हजार कर्मचारियों को तैनात किया गया है। 

यह भी पढ़ें- 

काम नहीं आई जादूगरी! गहलोत के बाद कांग्रेस ने पायलट को दी गुजरात में बड़ी जिम्मेदारी, जानिए 4 दिन क्या करेंगे

पंजाब की तर्ज पर गुजरात में भी प्रयोग! जनता बताएगी कौन हो 'आप' का मुख्यमंत्री पद का चेहरा

बहुत हुआ.. इस बार चुनाव आयोग Corona पर भी पड़ेगा भारी, जानिए क्या लिया गजब फैसला

Share this article
click me!